Hindi News

भारतीय सेना और मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से 19 जनवरी को होगा आर्मी मैराथन का आयोजन

Written by:Sushma Bhardwaj
Published:
Last Updated:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैराथन का शुभारंभ करेंगे, ⁠विजेताओं और उप-विजेताओं को एमपीटी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में निःशुल्क स्टे कूपन मिलेंगे, ⁠विजय दिवस एवं सेना दिवस के अवसर पर मैराथन आयोजित की गई है।
भारतीय सेना और मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से 19 जनवरी को होगा आर्मी मैराथन का आयोजन

BHOPAL NEWS :   मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और भारतीय सेना के सहयोग से ‘आर्मी मैराथन 2025’ का आयोजन रविवार को प्रातः 6 बजे से किया जाएगा। यह मैराथन योद्धा स्थल (एयरपोर्ट रोड) से प्रारंभ होकर लालघाटी चौराहा, कोहेफिजा चौराहा (वीआईपी रोड), कमला पार्क, पॉलीटेक्निक चौराहा होते हुए पुनः योद्धा स्थल पर समाप्त होगी। मैराथन का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा।

भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को समर्पित

प्रमुख सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया की यह आयोजन सेना दिवस और विजय दिवस के शुभ अवसर पर भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को समर्पित है। मैराथन में 21.09 किमी, 10 किमी, और 5 किमी की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड, ढोल-डीजे, बीट बॉक्सिंग, मल्लखंब, आर्मी बैंड, हॉट-एयर बैलून, और ज़ुम्बा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

एमपीटी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में मुफ्त स्टे कूपन प्रदान किए जाएंगे

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा विजेताओं और उप-विजेताओं को एमपीटी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में मुफ्त स्टे कूपन प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को कुल दस लाख रुपये तक के नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। हाफ मैराथन (21 किमी) के विजेताओं को पाँच लाख तीस हज़ार रुपये, 10 किमी दौड़ के विजेताओं को दो लाख चौसठ हज़ार रुपये, और 5 किमी दौड़ के विजेताओं को एक लाख सतासी हज़ार रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !