मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार (9 जून 2026) को मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में अहम कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आमजन, प्रदेश के विकास, जनहित से जुड़े और किसानों को लेकर कई बड़े फैसले होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और अधोसंरचना परियोजनाओं से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की संभावना है। बैठक के बाद लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।
मोहन कैबिनेट बैठक में इन प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
- भोपाल और इंदौर मेट्रो रेल परियोजनाओं पर चर्चा होगी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग मेट्रो परियोजना की लागत में वृद्धि का प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत करेगा। बढ़ती महंगाई और निर्माण लागत में इजाफे को देखते हुए परियोजना की लागत का पुनरीक्षण किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही मेट्रो परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर चुके हैं और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दे चुके हैं।
- कृषि विभाग मंडी टैक्स को लेकर प्रस्ताव रखा जा सकता है। मंडी शुल्क को 1 रुपये प्रति 100 रुपये से बढ़ाकर 1.50 रुपये प्रति 100 रुपये करने का प्रस्ताव है। इससे राज्य सरकार को सालाना लगभग 700 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है। इसका सीधा असर किसानों, व्यापारियों और कृषि बाजार व्यवस्था पर पड़ सकता है।
- आगामी 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
मोहन सरकार फिर लेगी 1800 करोड़ का कर्ज
मध्य प्रदेश सरकार मंगलवार को दो किस्तों में 1800 करोड़ रुपए का कर्ज बाजार से लेने जा रही है। सरकार द्वारा दो अलग-अलग राज्य विकास ऋण के रि-इश्यू का नोटिफिकेशन किया है। इसकर्ज के बाद राज्य सरकार पर चालू वित्त वर्ष में 11 हजार करोड़ का कर्ज हो जाएगा। नए कर्ज के साथ राज्य सरकार पर कुल कर्ज 4 लाख 99 हजार 714 करोड़ रुपए हो जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम
- सुबह 10:45 बजे – मंत्रालय आगमन
- सुबह 10:50 बजे – कैबिनेट ब्रीफिंग
- सुबह 11:00 बजे – कैबिनेट बैठक (मंत्रालय)
- दोपहर 12:30 बजे – सिंहस्थ 2028 की तैयारियों हेतु गठित मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक (मंत्रालय)
- दोपहर 2:00 बजे – मुलाकात
- दोपहर 3:00 बजे – योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग के साथ चर्चा (मंत्रालय)






