कटनी-गुमला नेशनल हाईवे-43 की बदहाल हालत को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरगुजा में जोरदार प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में सड़क पर चक्काजाम किया गया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व निगम सभापति अजय अग्रवाल का एक विवादित बयान भी सामने आया है।
इतना जूता खाओगे कि बच्चे गंजे पैदा होंगे
प्रदर्शन के दौरान नेशनल हाईवे विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) रामा धार तामरे मौके पर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही गड्ढों की मरम्मत की बात कही, वैसे ही अजय अग्रवाल भड़क गए। उन्होंने कहा,
“इसे पकड़कर रखो, जब तक काम चालू न हो जाए। काम कराओ नहीं तो इतने जूते खाओगे कि बच्चे गंजे पैदा होंगे।”
मुखौटे पहनकर प्रदर्शन
युवक कांग्रेस कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महापौर मंजूषा भगत और विधायकों के मुखौटे पहनकर विरोध जता रहे थे। भारत माता चौक से लुचकी घाट तक की टूटी सड़क पर करीब पौन घंटे तक चक्काजाम चला। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
क्या बोले ईई?
ईई रामा धार तामरे ने सफाई देते हुए कहा कि
“कुछ दिन पहले सड़क के गड्ढों को भरवाया गया था, लेकिन बारिश के कारण दोबारा गड्ढे हो गए हैं। रविवार तक फिर से मरम्मत करवा दी जाएगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण के चलते पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे सड़क जल्दी खराब हो रही है। साथ ही बजट की कमी भी मरम्मत में बाधा बनी।
सड़क की हालत खराब
गौरतलब है कि यह सड़क 2 साल पहले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बनी थी। निर्माण की गुणवत्ता पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अब बारिश के कारण हालात और बिगड़ गए हैं। मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर के सभी प्रमुख मार्गों के नवनिर्माण के लिए राशि मंजूर की है, जिसमें यह मार्ग भी शामिल है।





