इंदौर में बढ़ती गर्मी के साथ पानी का संकट भी गहराता जा रहा है। शहर के कई इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। अब हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग अपनी समस्या लेकर सीधे जनप्रतिनिधियों के घर पहुंचने लगे हैं। शनिवार को विधानसभा-2 क्षेत्र में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब करीब 1500 रहवासी खाली बर्तन लेकर विधायक रमेश मेंदोला के बंगले पहुंच गए।
महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे हाथों में खाली डिब्बे और बर्तन लेकर सड़क पर उतरे। लोगों का कहना था कि इलाके में कई दिनों से ठीक से पानी नहीं मिल रहा। कई घरों में सिर्फ 10 मिनट पानी आता है, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। लोगों का गुस्सा नगर निगम की व्यवस्थाओं के खिलाफ साफ नजर आया।
खाली बर्तन लेकर सड़क पर उतरे लोग
पाटनीपुरा से मालवा मिल तक के कई इलाकों के लोग शनिवार सुबह एकजुट हुए। वार्ड 26 के पार्षद लाल बहादुर वर्मा के नेतृत्व में रहवासियों ने रैली निकाली। इस दौरान महिलाओं ने खाली बर्तन दिखाकर विरोध जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम पानी सप्लाई को लेकर लापरवाही कर रहा है।
रैली के दौरान नगर निगम और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। कई लोग ई-रिक्शा और बाइक पर लाउडस्पीकर लगाकर लोगों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बुलाते नजर आए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग विधायक के बंगले के बाहर जमा हो गए।
सिर्फ 10 मिनट पानी आने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मालवा मिल की टंकी से पानी सप्लाई किया जाता है, लेकिन पिछले एक हफ्ते से वाल्व कम खोले जा रहे हैं। इसी कारण घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा।
रहवासियों ने बताया कि कई बार नल में सिर्फ 10 मिनट पानी आता है। इतना कम समय होने से टंकियां और बर्तन तक नहीं भर पाते। कुछ लोगों ने गंदा पानी आने की शिकायत भी की। लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
टैंकरों को पानी नहीं भरने देने का आरोप
पार्षद लाल बहादुर वर्मा ने आरोप लगाया कि वार्ड के लिए मंजूर किए गए पानी के टैंकरों को भी टंकी से पानी भरने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि पहले मालवा मिल टंकी से टैंकर भरते थे, लेकिन बाद में वहां रोक लगा दी गई।
इसके बाद दूसरी टंकी से पानी भरने की व्यवस्था हुई, लेकिन वहां से भी टैंकर खाली लौटने लगे। इस वजह से लोगों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा। प्रदर्शन के दौरान विधायक रमेश मेंदोला ने अधिकारियों से बात कर तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
विधायक ने अधिकारियों को दिए निर्देश
रहवासियों की शिकायत सुनने के बाद विधायक रमेश मेंदोला ने नगर निगम अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोगों को तय समय तक पर्याप्त पानी मिलना चाहिए।
विधायक ने अधिकारियों को टंकी का वाल्व सही तरीके से खोलने और 20 से 25 मिनट तक जल प्रदाय करने के निर्देश दिए। साथ ही नंदानगर टंकी से टैंकर भरने की नई व्यवस्था भी शुरू करवाई गई।
बोरिंग सूखे, बढ़ा जल संकट
इलाके के लोगों का कहना है कि सिर्फ नर्मदा लाइन ही नहीं, बल्कि कई बोरिंग भी सूख चुके हैं। पहले लोग बोरिंग के सहारे काम चला लेते थे, लेकिन अब वहां से भी पानी नहीं निकल रहा। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ गई है। ऐसे में लोगों को सिर्फ पीने के पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कई परिवारों को पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है।
शहर में लगातार बढ़ रही पानी की समस्या
इंदौर के कई हिस्सों में इन दिनों जल संकट गहराया हुआ है। कहीं टंकियां पूरी नहीं भर रहीं तो कहीं पाइपलाइन लीकेज से हजारों लीटर पानी बह रहा है। कई क्षेत्रों में लोग चक्काजाम और धरना देकर विरोध कर चुके हैं। नगर निगम का कहना है कि भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है और कई बोरिंग सूख चुके हैं। इसी वजह से सप्लाई प्रभावित हो रही है। हालांकि लोग निगम के दावों से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे।
नई पानी टंकी बनाने की तैयारी
पार्षद लाल बहादुर वर्मा ने बताया कि पूरे वार्ड में एक भी बड़ी पानी की टंकी नहीं है। इस कारण सप्लाई व्यवस्था बार-बार प्रभावित होती है। उन्होंने विधायक से नई टंकी बनाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि जीर्णमाता मंदिर के पास नई नर्मदा टंकी के लिए जगह भी तय कर ली गई है। आने वाले समय में इससे इलाके के लोगों को राहत मिल सकती है।






