फुटबॉल के जादूगर लियोनेल मेसी का बहुप्रतीक्षित कोलकाता दौरा शुक्रवार को भारी हंगामे और अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। साल्ट लेक स्थित विवेकानंद युवभारती स्टेडियम में आयोजित ‘GOAT टूर’ के पहले ही कार्यक्रम में स्थिति बेकाबू हो गई। बदइंतजामी से नाराज फैंस ने न केवल पोस्टर और होर्डिंग्स फाड़ दिए, बल्कि मैदान में बोतलें भी फेंकीं। बिगड़ते हालात को देखते हुए मेसी को महज 10 मिनट के भीतर ही स्टेडियम से सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।
अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान को देखने के लिए हजारों की संख्या में फुटबॉल प्रेमी घंटों पहले ही स्टेडियम में जमा हो गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टेडियम में प्रवेश, बैठने की व्यवस्था और विजिबिलिटी को लेकर भारी कुप्रबंधन देखने को मिला। फैंस को उम्मीद थी कि वे अपने चहेते सितारे को करीब से देख पाएंगे, लेकिन जब यह स्पष्ट हुआ कि अधिकतर दर्शकों को मेसी की एक झलक भी नहीं मिलेगी, तो उनका धैर्य जवाब दे गया।
स्टेडियम में तोड़फोड़ और सुरक्षा में चूक
नाराज भीड़ ने स्टेडियम के अंदर हंगामा शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में फैंस को होर्डिंग्स तोड़ते और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। इसी अफरा-तफरी के बीच सुरक्षाकर्मियों ने मेसी और अन्य वीवीआईपी मेहमानों को घेरे में लेकर तुरंत वहां से बाहर निकाला।
इस घटना ने उन हजारों फैंस को निराश कर दिया जो घंटों इंतजार के बाद भी मेसी को ठीक से देख नहीं पाए। मेसी के साथ इंटर मियामी के उनके साथी खिलाड़ी लुइस सुवारेज़ और रोड्रिगो डी पॉल भी इस दौरे पर मौजूद थे।
देर रात पहुंचे थे मेसी, शाहरुख खान से भी मिले
लियोनेल मेसी शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे कोलकाता पहुंचे थे। सुबह लगभग 11 बजे जब वे साल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, तो हजारों समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। हालांकि, भीड़ और अव्यवस्था के कारण यह उत्साह जल्द ही निराशा में बदल गया। इससे पहले मेसी ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से भी मुलाकात की थी, जिसकी तस्वीरें काफी चर्चा में रहीं।
आगे का कार्यक्रम: हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली
मेसी का यह भारत दौरा चार शहरों में तीन दिनों तक चलेगा। कोलकाता के बाद मेसी 13 दिसंबर की शाम को ही हैदराबाद के लिए रवाना होंगे, जहां वे राजीव गांधी स्टेडियम में एक एग्जिबिशन मैच और फुटबॉल क्लिनिक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 14 दिसंबर को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक विशेष इवेंट और फैशन शो का आयोजन होगा।
इस हाई-प्रोफाइल दौरे का समापन 15 दिसंबर को नई दिल्ली में होगा, जहां लियोनेल मेसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। 2011 के बाद यह मेसी का पहला भारत दौरा है, जिसे लेकर फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन कोलकाता की घटना ने इस पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
Tweet Credits to Respective User
Organisers charging a bomb for a brief glimpse of #LionelMessi, followed by fans throwing bottles, invading the pitch, and damaging the venue, will be witnessed by millions across the globe and send the wrong message about India. Nothing has changed since 1996 WC Sf in #Kolkata. https://t.co/vrvYLKHT9n
— Tejan Shrivastava (@BeingTeJan) December 13, 2025






