क्या एशिया कप 2025 को लेकर फैंस उत्सुक नहीं हैं? इस बार इस बड़े टूर्नामेंट के मैदान पूरी तरह से खाली नजर आ रहे हैं। भारत जैसी टीमों के मुकाबले भी देखने फैंस मैदान में नहीं पहुंच रहे हैं। भारत और यूएई के बीच खेले गए मुकाबले में भी मैदान खाली नजर आया। दरअसल, दोनों टीमों के बीच दुबई के स्टेडियम में मुकाबला खेला गया था, लेकिन इस मैदान के स्टैंड खाली नजर आए। लंबे समय बाद भारतीय टीम का कोई मुकाबला इस मैदान पर खेला गया था, लेकिन इस मुकाबले को देखने दर्शक नहीं पहुंचे।
बता दें कि भारत और यूएई के बीच खेले गए मुकाबले में भारत ने मात्र 27 गेंदों में ही मुकाबला जीत लिया। भारत को यूएई की टीम ने सिर्फ 58 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे टीम ने 4.3 ओवर में ही चेज़ कर लिया और नया इतिहास रच दिया।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने उठाया मुद्दा
दरअसल, इस मुकाबले में इतने कम दर्शक पहुंचे थे कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने इस मुद्दे को अपने यूट्यूब चैनल पर भी उठाया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इसका जिक्र किया। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि भारत और यूएई के बीच खेले गए मुकाबले में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्राउड कहां है। आमतौर पर हम कहते हैं कि अगर भारत चांद पर भी कोई मुकाबला खेलता है तो वहां पर भी लोग नीली जर्सी पहनकर पहुंच जाते हैं, लेकिन इस मैच में नजारा बिल्कुल अलग था। भारत और यूएई के बीच खेले गए इस मुकाबले में लोग नहीं पहुंचे, मैदान लगभग खाली था। यह देखकर मुझे हैरानी हुई। कितने लंबे समय बाद भारतीय टीम दुबई में खेल रही थी और फिर भी फैंस स्टेडियम में नहीं पहुंचे। किसी क्रिकेट प्रेमी के लिए यह बिल्कुल अजब नजारा था।
क्यों नहीं पहुंचे दर्शक?
फिलहाल, इस दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने फैंस के मैदान में न पहुंचने की वजह भी बताई। दरअसल, आकाश चोपड़ा ने कहा कि इसकी एक ही वजह हो सकती है कि टूर्नामेंट का हाइप नहीं बनी। हो सकता है कि दुबई में क्रिकेट की ओवरडोज हो चुकी हो, क्योंकि यहां पर ILT20 भी खेला गया है और कई सारे टूर्नामेंट खेले गए हैं। संभव है कि टिकटों की कीमत भी ज्यादा रही हो या स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार नहीं हुआ हो। इस दौरान आकाश चोपड़ा ने यह भी कहा कि बाकी मैचों के लिए फैंस को आकर्षित करने की रणनीति बनाना जरूरी होगा।






