Hindi News

IPL 2026 : अंतिम स्थान के लिए अब इन तीन टीमों में जंग, पंजाब की जीत से बढ़ी राजस्थान की मुश्किलें, आज के मैच पर KKR की नजर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लीग चरण का आज अंतिम पड़ाव है, जहाँ प्लेऑफ में चौथे स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रोमांचक जंग छिड़ी हुई है। चलिए जानते हैं कि चौथे स्थान पर कोनसी टीम कब्जा कर सकती है?
IPL 2026 : अंतिम स्थान के लिए अब इन तीन टीमों में जंग, पंजाब की जीत से बढ़ी राजस्थान की मुश्किलें, आज के मैच पर KKR की नजर

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लीग चरण का आज अंतिम पड़ाव है, जहाँ एक स्थान के लिए तीन टीमों के बीच रोमांचक त्रिकोणीय जंग ने क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आज होने वाले दो निर्णायक मुकाबलों पर टकटकी लगाए हुए हैं।

दरअसल शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए एक महत्वपूर्ण मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर न केवल प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को नया जीवन दिया, बल्कि इसी के साथ टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर भी काबिज हो गई। आज लीग स्टेज के अंतिम दिन दो बेहद अहम मैच खेले जाने हैं, जो प्लेऑफ में प्रवेश करने वाली चौथी टीम का भाग्य तय करेंगे। पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच होगा, जबकि दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

RCB और GT के बीच होगा पहला क्वालीफाई 

इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस ने शीर्ष दो स्थानों पर अपना कब्जा जमाकर 26 मई को होने वाले क्वालीफायर-1 के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने तीसरा स्थान सुनिश्चित करते हुए 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेलने की तैयारी कर ली है, लेकिन उनका प्रतिद्वंद्वी कौन होगा, यह आज ही तय हो जाएगा। पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदें अब भी जिंदा हैं। आइए जानते हैं इन तीनों टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने का पूरा समीकरण।

राजस्थान को सिर्फ जीत जरूरी 

वहीं अंक तालिका में महत्वपूर्ण स्थिति पर खड़ी राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ में पहुंचने का समीकरण बेहद सीधा है। अगर टीम आज दोपहर मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले अपने मुकाबले में जीत दर्ज करती है, तो वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी और फिर शाम को होने वाले दूसरे मैच के परिणाम का उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, अगर मुंबई इंडियंस यह मैच जीत जाती है, तो राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ की दौड़ समाप्त हो जाएगी और वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी।

पंजाब ने जीत की दर्ज

दरअसल श्रेयस अय्यर के शानदार शतक की बदौलत पंजाब किंग्स ने लीग स्टेज के अपने आखिरी मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से रौंदकर 15 अंकों के साथ चौथे स्थान पर अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। पंजाब किंग्स के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं तब प्रबल होंगी, जब आज राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स अपने-अपने मैच हार जाएं। यदि कोलकाता नाइट राइडर्स जीत भी जाती है, तो उसे कम रनों के अंतर से जीतना होगा ताकि पंजाब का बेहतर नेट रन रेट बरकरार रहे। लेकिन अगर राजस्थान रॉयल्स अपने मैच में विजय हासिल करती है, तो पंजाब किंग्स की प्लेऑफ की राह बंद हो जाएगी।

KKR की नजर आज के मैच पर 

लीग स्टेज का आखिरी और एक अन्य महत्वपूर्ण मुकाबला आज कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, जिससे यह मैच तब और रोमांचक हो जाएगा जब दोपहर में राजस्थान रॉयल्स अपने मुकाबले में हार का सामना करे। यदि राजस्थान रॉयल्स विजयी होती है, तो पंजाब किंग्स के साथ-साथ कोलकाता नाइट राइडर्स भी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी। कोलकाता नाइट राइडर्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए यह जरूरी है कि राजस्थान रॉयल्स अपना मैच हारे और वे दिल्ली कैपिटल्स को बड़े अंतर से पराजित करें। ऐसा इसलिए क्योंकि KKR भी 15 अंकों तक पहुंच सकती है, जबकि पंजाब किंग्स के भी इतने ही अंक हैं, लेकिन पंजाब का नेट रन रेट कोलकाता से बेहतर है। इसलिए, कोलकाता नाइट राइडर्स को अपना नेट रन रेट बेहतर करने के लिए, यदि वे 200 रन का बचाव कर रहे हैं, तो उन्हें 77 रनों के बड़े अंतर से जीतना होगा, या यदि वे 180 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं, तो उन्हें 12.4 ओवरों में ही यह लक्ष्य हासिल करना होगा। यह मुकाबला न केवल अंकों के लिए, बल्कि नेट रन रेट के लिए भी निर्णायक साबित होगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews