Hindi News

सरफराज खान ने जड़ा तूफानी अर्धशतक, ऋतुराज गायकवाड़ विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने

Written by:Rishabh Namdev
Published:
विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार रिकॉर्ड टूट रहे हैं। आज सरफराज खान और ऋतुराज गायकवाड़ ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। सरफराज खान लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 50 लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, तो वहीं ऋतुराज गायकवाड़ विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
सरफराज खान ने जड़ा तूफानी अर्धशतक, ऋतुराज गायकवाड़ विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने

भारत के युवा बल्लेबाज सरफराज खान ने लिस्ट ए क्रिकेट में बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। मुंबई का यह बल्लेबाज अब लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 50 लगाने वाला भारतीय खिलाड़ी बन गया है। बता दें कि गुरुवार को विजय हजारे ट्रॉफी में खेले गए मुकाबले में सरफराज खान ने 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। मुंबई और पंजाब के बीच खेले गए इस मुकाबले में पंजाब की टीम ने एक रन से रोमांचक जीत हासिल की, लेकिन मुकाबले में सरफराज खान ने सुर्खियां बटोरीं।

दरअसल पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.1 ओवर में 216 रन बनाए और अपने सभी विकेट गंवा दिए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 26.2 ओवर में 215 रनों पर ऑलआउट हो गई, जिससे मुकाबला एक रन से हार गई।

सरफराज खान ने बनाया रिकॉर्ड

मुकाबले में सरफराज खान ने सभी को हैरान कर दिया। सरफराज खान ने 20 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। सरफराज खान का स्ट्राइक रेट 310 रहा। इस शानदार पारी के चलते सरफराज खान ने 1994 का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दरअसल 1994 में वडोदरा में अभिजीत काले ने 16 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। अब नया अर्धशतक बनाकर सरफराज खान ने यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया।

ऋतुराज गायकवाड़ ने भी बनाया रिकॉर्ड

वहीं दूसरी ओर विजय हजारे ट्रॉफी के ही एक और मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ ने भी एक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया। महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए ऋतुराज गायकवाड़ ने नाबाद 134 रनों की शानदार पारी खेली और विजय हजारे ट्रॉफी में 15वां शतक लगाया। इसके साथ ही ऋतुराज गायकवाड़ ने सबसे ज्यादा शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। महाराष्ट्र की ओर से अंकित बावने ने भी 15 शतक लगाए हैं और अब ऋतुराज गायकवाड़ भी इस आंकड़े पर पहुंच चुके हैं।

विजय हजारे ट्रॉफी में ऋतुराज गायकवाड़ ने 59 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 15 शतक लगाए हैं, जबकि अंकित बावने ने 101 मुकाबले खेलकर 15 शतक लगाए हैं। वहीं कर्नाटक की ओर से देवदत्त पडिक्कल 35 मुकाबलों में 13 शतक लगा चुके हैं और मयंक अग्रवाल 78 मुकाबलों में 13 शतक लगा चुके हैं।

सुपर 8 टीमों पर डालें नजर

वहीं विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में टॉप 8 टीमों पर नजर डाली जाए तो इनमें कर्नाटक, मुंबई, उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली और विदर्भ की टीमों ने जगह बनाई है। अब 12 जनवरी को पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला कर्नाटक और मुंबई के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला उत्तर प्रदेश और सौराष्ट्र के बीच खेला जाएगा। वहीं 13 जनवरी को पंजाब और मध्य प्रदेश तथा दिल्ली और विदर्भ के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews