अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बयानबाजी लगातार जारी है। विपक्षी दल लगातार गंभीर आरोप लगाकर भाजपा सरकार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर क्षेत्र ट्रस्ट को घेर रहे हैं। मामले में कार्रवाई की बात करें तो अब तक 8 लोगों पर मामला दर्ज हुआ है और मंदिर ट्रस्ट महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दिया है। राम मंदिर चढ़ावा विवाद से सियासी पारा हाई है।
इस मामले में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का हमेशा से विरोधात्मक रुख रहा है। उनका आरोप है कि दोनों दलों ने इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में झूठ, भ्रम और गलत जानकारी फैलाना इन दलों की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बन गया है।
केशव प्रसाद मौर्य ने आगे कहा, पहले श्रीराम मंदिर का विरोध किया गया और अब चढ़ावे से जुड़े मामले में जांच पूरी होने से पहले ही बेवजह आरोप लगाए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के नेता इस मुद्दे पर घटिया राजनीति कर रहे हैं।
दोषियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा: केशव प्रसाद मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य ने मामले में कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि विशेष जांच दल (SIT) ने जांच के आधार पर FIR दर्ज की गईं हैं और गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। यह तय है कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। लेकिन सनातन और राम विरोधी अपनी कुत्सित मानसिकता का परिचय देने से बाज नहीं आते। उनको ध्यान रखना चाहिए कि 2027 में फिर कमल खिलेगा।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से कांग्रेस व समाजवादी पार्टी की स्वाभाविक चिढ़ रही है। इन दोनों दलों ने इंडी गठबंधन को भी अपने लपेटे में ले लिया है।
उनका इस मामले में झूठ, भ्रम और ज़हर फैलाना एक ख़ास शग़ल बन चुका है। पहले श्रीराम मंदिर का विरोध और अब उसके चढ़ावे पर जांच पूरी होने के…
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) June 27, 2026





