MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

बड़वानी में Gen Alpha प्रोटेस्ट, कलेक्टर से मिलने पैदल निकले सैकड़ों स्कूली छात्र, बोले- मिलकर ही वापस लौटेंगे

बड़वानी के जामली एकलव्य आदर्श विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर से मिलने पैदल रवाना हुए। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
Barwani School Student Protest

मध्यप्रदेश में इन दिनों Gen Alpha की आवाज सड़क पर सुनाई दे रही है जहां अलग-अलग जिलों में स्कूली बच्चे अपनी मांगों और स्कूलों से जुड़ी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। जो बच्चे कभी अपनी बात स्कूल की चारदीवारी तक सीमित रखते थे वही अब सड़कों पर उतरकर सिस्टम से सवाल पूछ रहे हैं। सोमवार को बड़वानी में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चें अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे और कलेक्टर से मुलाकात करने की जिद पर अड़े रहे।

बता दें कि मामला जिले के सेंधवा के जामली का है, जहां एकलव्य आदर्श विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं सुबह स्कूल छोड़कर सड़क पर उतर आए। जिसके बाद सभी स्टूडेंट्स एकत्रित होकर अपनी समस्याओं को लेकर बड़वानी कलेक्टर जयंती सिंह से मिलने के लिए पैदल रवाना हो गए हैं। इतना ही नहीं रास्ते भर छात्रों ने जोर-जोर से नारेबाजी भी की।

क्यों कर रहे स्कूली बच्चे यह प्रदर्शन?

बता दें कि स्कूली बच्चों का आरोप है कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और उन्हें जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर अब भी अड़े हुए हैं। बच्चों की संख्या और लगातार पैदल चलने को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात है।

विधायक ने की बच्चों की जायज मांगों का जल्द निराकरण करने की अपील

बच्चों के प्रदर्शन को सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए कलेक्टर और सहायक आयुक्त से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की। विधायक ने कहा कि जामली एकलव्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनकी जायज मांगों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी बात रखने के लिए बड़वानी तक आना पड़ रहा है, ऐसे में प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

गौरतलब है कि इस तरह के प्रदर्शन केवल एक जिले तक सीमित नहीं हैं बल्कि मध्यप्रदेश के कई जिलों में लगातार स्कूली बच्चे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में भी स्कूल मर्जर के विरोध में Gen Alpha के बच्चों का प्रदर्शन देखने को मिला। इसके अलावा टीकमगढ़, दमोह, खंडवा, शहडोल, छतरपुर, कटनी, नरसिंहपुर, विदिशा समेत कई अन्य जिलों में भी छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर चुके हैं। कहीं बस किराए में बढ़ोतरी का विरोध हो रहा है तो कहीं स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर बच्चे प्रदर्शन कर रहे हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
बड़वानी में Gen Alpha प्रोटेस्ट, कलेक्टर से मिलने पैदल निकले सैकड़ों स्कूली छात्र, बोले- मिलकर ही वापस लौटेंगे - MP Breaking News