MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

भोपाल-ग्वालियर रीजन के 10.11 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत, सितंबर माह में ‘ToD’ टैरिफ के तहत मिली 10 करोड़ की छूट

MP News: 10 लाख 11 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को 10 करोड़ की छूट, सितंबर माह में ‘टाइम ऑफ डे’ टैरिफ के तहत मिली यह छूट, भोपाल और ग्वालियर रीजन के 16 जिलों के स्मार्ट मीटर उपभोक्ता हुए लाभान्वित, टैरिफ के तहत सोलर आवर्स में बिजली की खपत पर 20% की मिलती है छूट
भोपाल-ग्वालियर रीजन के 10.11 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत, सितंबर माह में ‘ToD’ टैरिफ के तहत मिली 10 करोड़ की छूट

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र के भोपाल और ग्वालियर रीजन के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सितंबर का महीना राहत लेकर आया। इन उपभोक्ताओं को कंपनी की टाइम ऑफ डे (ToD) टैरिफ व्यवस्था के तहत सोलर आवर्स में बिजली की खपत पर विशेष छूट दी गई। इस व्यवस्था में 10 लाख 11 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को करीब 10 करोड़ की छूट दी गई।

सितंबर 2026 में कंपनी के कार्यक्षेत्र के कुल 10 लाख 11 हजार 291 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में कुल 10 करोड़ रुपये से अधिक की ToD छूट का लाभ मिला। इनमें भोपाल रीजन के 8 लाख 17 हजार 227 उपभोक्ताओं को 7 करोड़ 33 लाख 47 हजार रुपये तथा ग्वालियर रीजन के 1 लाख 94 हजार 64 उपभोक्ताओं को 2 करोड़ 66 लाख 76 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि ToD टैरिफ के तहत स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सोलर आवर्स (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) बिजली उपयोग करने पर ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर में 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को 20% तक की छूट दी जा रही है। स्मार्ट मीटर से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए उपभोक्ता 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या फिर कैलाश कुमार चौधरी, प्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही Smartmeteringcellbhopal@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

स्मार्ट मीटर से मिलने वाले फायदे

  • ऊर्जा की खपत को ट्रैक करने और ऊर्जा की बचत करने में मदद करता है।
  • बिजली की खपत को सटीक रूप से मापता है।
  • बिल में कोई गलती नहीं होती।
  • ऐप के जरिए मोबाइल पर रियल-टाइम डेटा देखकर ऊर्जा की खपत को नियंत्रित कर सकते हैं।
  • ऊर्जा की गुणवत्ता के बारे में जानकारी मिलती है।
  • ऊर्जा की खपत को ऑनलाइन ट्रैक करने और नियंत्रित करने की सुविधा मिलती है।
Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews
भोपाल-ग्वालियर रीजन के 10.11 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत, सितंबर माह में ‘ToD’ टैरिफ के तहत मिली 10 करोड़ की छूट - MP Breaking News