Hindi News

भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष का विरोध, पूर्व जिला अध्यक्ष ने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी को खून से लिखा पत्र

Written by:Atul Saxena
Published:
Last Updated:
पूर्व जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना ने कहा स्वर्गीय राजीव गांधी ने हमेशा कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को उनका हक़ दिया उनके अधिकारों की लड़ाई भी लड़ी हम आज उन्हें नमन करते हैं ।
भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष का विरोध, पूर्व जिला अध्यक्ष ने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी को खून से लिखा पत्र

मध्य प्रदेश में कांग्रेस जिला अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद से विवाद शुरू हो गया है, कई जिलों में नये जिला अध्यक्ष के विरोध में कांग्रेसी सड़कों पर उतर आये है, खास बात ये है कि राजधानी भोपाल में भी ऐसा ही हो रहा है, यहाँ पूर्व जिला अध्यक्ष ने अपने समर्थकों के साथ विरोध जताया और वरिष्ठ नेतृत्व को अपने खून से लिखकर पत्र भेजा।

संगठन सृजन अभियान चलाकर, बड़े स्तर पर रायशुमारी कर, राहुल गांधी के निर्देशों और फार्मूले का पालन कर कांग्रेस ने जो सूची जारी की अब वही उसकी गले की फांस बन रही है, राजधानी भोपाल इसका बड़ा उदाहरण है जहाँ नव नियुक्त जिला अध्यक्ष संजीव सक्सेना का विरोध हो रहा है।

नव नियुक्त जिला अध्यक्ष के विरोध में कांग्रेसी 

पूर्व जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना खुलकर संजीव सक्सेना के विरोध में उतर आये हैं, आज उन्होंने अपने समर्थकों के साथ विरोध जताया, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा के नीचे बैठकर विरोध जताते हुए मोनू सक्सेना ने राजीव गांधी की तस्वीर पर खून से तिलक किया और फिर खून से ही पत्र लिखा।

खड़गे, राहुल, प्रियंका के नाम खून से लिखा पत्र

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को संबोधित पत्र में कांग्रेस को न्याय देने की मांग की, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी जब भोपाल आये थे तो उन्होंने कहा था कि फूल छाप कांग्रेसी, दागदार कांग्रेसियों को बाहर का रास्ता दिखाया जायेगा लेकिन हुआ इसका उल्टा है।

नए जिला अध्यक्ष को व्यापम घोटाले का आरोपी बताया 

मोनू सक्सेना ने कहा कि भोपाल में फूल छाप कांग्रेसी को जिला अध्यक्ष बनाया गया है, ये मंत्री विश्वास सारंग के साथ उठते बैठते हैं,  उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापम घोटाले के आरोपी को भोपाल का जिला अध्यक्ष बनाया गया है जबकि ये अनुचित है, उन्होंने मांग की कि जो सर्वे कराये गए उसे सार्वजनिक किया जाये, दूध का दूध पानी का पानी हो जायेगा।

दिल्ली में सोनिया गांधी से मिलकर मांगेंगे न्याय 

मोनू सक्सेना ने कहा कि हम ये पत्र मेल कर रहे हैं और जल्दी ही न्याय की आस लेकर दिल्ली जायेंगे जहाँ सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने अपनी बात रखेंगे, उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व उनकी मांग पर अवश्य ध्यान देगा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न्याय मिलेगा।