मध्यप्रदेश के 12 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी है। राज्य की मोहन यादव सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस वृद्धि के बाद डीए/ डीआर की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गई है। कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए का लाभ जनवरी 2026 से मिलेगा, वहीं पेंशनर्स को बढ़े हुई डीआर का लाभ जुलाई 2026 से दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि राज्य सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने जा रही है। यह जनवरी 2026 से देय होगी। जनवरी से सितंबर यानि 9 माह के एरियर्स का भुगतान 3 समान मासिक किश्तों में किया जाएगा। अक्टूबर माह के वेतन (नवंबर में देय) से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नगद भुगतान होगा। इसके अलावा पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत में जुलाई 2026 से 2 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी। सरकार पेंशनर्स और कर्मचारियों के हितों में सदैव साथ खड़ी है।

बता दें कि तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ और पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने मोहन सरकार से केंद्र की घोषित तिथि से महंगाई भत्ता और राहत राशि बढ़ाने की मांग की थी। उन्होंने जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत और जुलाई 2026 से 3 प्रतिशत वृद्धि करने की मांग की थी, लेकिन राज्य सरकार ने कर्मचारियों का जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत और पेंशनरों का जुलाई 2026 से 2 प्रतिशत डीए/डीआर बढ़ाया है। इस वृद्धि के बाद अब भी राज्य और केंद्र के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के बीच 3 प्रतिशत का अंतर रहेगा, क्योंकि केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जुलाई 2026 से 63 प्रतिशत डीए/ डीआर देने का ऐलान किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले मार्च 2026 में होली पर मोहन सरकार ने कर्मचारियों का जुलाई 2025 से महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाया था जिसके बाद महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर अब 58 प्रतिशत हो गया था। जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के एरियर की राशि 6 समान किश्तों में भुगतान करने का निर्णय लिया गया था।