भोपाल| मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में लोग अच्छी बारिश का इन्तजार कर रहे हैं| खासकर किसानों को अपनी फसलों के लिए इस समय बारिश की अधिक जरुरत है| कुछ दिनों से बूंदाबांदी और हलकी बारिश ही हो रही है| लेकिन बुधवार को मौसम का मिजाज बदला है| बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है| कई इलाकों में बारिश भी हुई है| मौसम विभाग ने कई जिलों में अति भारी बारिश (Rain) का अलर्ट (Alert) भी जारी किया है|
मौसम विभाग (weather forecast) के मुताबिक अरब सागर से नमी (Monsoon) आ रही है। इसका असर मौसम पर दिख रहा है। इसके कारण आगामी दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। प्रदेश में मालवा-निमाड़ क्षेत्र में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। बुधवार सुबह से बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इससे नदी-नालों में उफान आ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के शहडोल एवं होशंगाबाद संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर जबलपुर एवं रीवा संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर तथा शेष संभागों के जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई है|
इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, शहडोल संभाग के जिलों तथा हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी एवं नरसिंहपुर जिले में भारी वर्षा कुछ स्थानों पर साथ ही कहीं कहीं अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है| इसके अलावा भोपाल, होशंगाबाद, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिले में एवं सागर, रीवा ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है| वहीं भोपाल, रीवा, संभागों के जिलों में तथा अनूपपुर, शहडोल, बुरहानपुर, खंडवा, धार, इंदौर, नीमच, मंदसौर जिले में गरज चमक के साथ बिजली चमकने व गिरने की संभावना जताई है|







