मध्य प्रदेश के किसानों के लिए काम की खबर है। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिये पंजीयन की प्रक्रिया 10 मार्च 2026 को पूरी हो चुकी है और अब अप्रैल में 2 चरणों में खरीदी की जाएगी। इसको लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। बता दें कि इस बार 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है। गत् वर्ष 15 लाख 44 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था।
4 संभागों में 1 अप्रैल से गेहूं खरीदी, MSP 2625 रुपए
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग में 1 अप्रैल से तथा शेष संभागों (जैसे जबलपुर, ग्वालियर, रीवा आदि) में 7 अप्रैल 2026 से की जाएगी। गेहूँ की खरीदी शासकीय कार्य दिवसों में सुबह 8 से रात 8 बजे तक की जाएगी। इस बार प्रदेश में गेहूं की खरीदी 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।बता दें कि पहले गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपए रखा गया था लेकिन हाल ही में राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये अतिरिक्त बोनस देने का फैसला किया गया है। इसके बाद एमएसपी 2585 से बढ़कर 2625 रुपए प्रति क्विंटल हो गए हैं।
गेहूं उपार्जन: 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने कराया है पंजीयन
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए कुल 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है। गत् वर्ष 15 लाख 44 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था।
- इंदौर में 71713, झाबुआ में 7120, धार में 44466, अलीराजपुर में 476, खण्डवा में 35104, बुरहानपुर में 523, बड़वानी में 4724, खरगोन में 27557, शाजापुर में 73878, नीमच में 19445, उज्जैन में 123281, आगर-मालवा में 42446, मंदसौर में 65195 किसानों ने पंजीयन कराया है।
- देवास में 76442, रतलाम, 45912, अशोक नगर में 16454, दतिया में 19118, शिवपुरी में 21312, ग्वालियर में 13763, गुना में 22914, भिण्ड में 12788, मुरैना में 10893, श्योपुर में 17617, डिण्डौरी में 4478, मण्डला में 19611, जबलपुर में 49642, सिवनी में 53288 किसानों ने पंजीयन कराया है।
- कटनी में 52126, नरसिंहपुर में 38416, छिन्दवाड़ा में 29163, बालाघाट में 4383, पांढुर्णा में 863, नर्मदापुर में 71831, बैतूल में 18686, हरदा में 40273, भोपाल में 37129, रायसेन में 76264, विदिशा में 86479, सीहोर में 101793, राजगढ़ 98537, सीधी में 12813 किसानों ने पंजीयन कराया है।
- सिंगरौली में 10970, मैहर में 19787, महूगंज में 8018, सतना में 56376 ,रीवा में 46923, अनुपपुर में 882, शहडोल में 9479, उमरिया में 13445, टीकमगढ़ में 15552, निवाड़ी में 4116, सागर में 75791, पन्ना में 30052, दमोह में 39938 और जिला छतपुर में 34378 किसानों ने पंजीयन कराया है।
आधार लिंक बैंक खातों में होगा भुगतान
किसान द्वारा समर्थन मूल्य पर विक्रय उपज का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा। किसान के आधार लिंक बैंक खाते में भुगतान करने में किसी कारण से समस्या उत्पन्न होने पर किसान द्वारा पंजीयन में उपलब्ध कराये गए बैंक खाते में भुगतान किया जा सकेगा। वेरीफिकेशन आधार नंबर से लिंक मोबाईल नंबर पर प्राप्त OTP से या बायोमेट्रिक डिवाईस से किया जा सकेगा। उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए छांव, पीने का पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए हैं।






