Hindi News

सीएम आज करेंगे ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ का शुभारंभ, भोपाल से ओरछा-चंदेरी का सफर होगा आसान, जानें कितना लगेगा किराया

Written by:Pooja Khodani
Last Updated:
मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को ओरछा-चंदेरी के लिये "पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा" का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री यात्रियों को बोर्डिंग पास भी देंगे। इससे भोपाल हवाई मार्ग से ओरछा और चंदेरी से जुड़ेगा ।
सीएम आज करेंगे ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ का शुभारंभ, भोपाल से ओरछा-चंदेरी का सफर होगा आसान, जानें कितना लगेगा किराया

CM Mohan Yadav

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से रामराजा की नगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी जाना अब आसान होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 19 अप्रैल को सुबह 10:45 बजे पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा राजधानी के स्टेट हैंगर से शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे।

यह सेवा सप्ताह में 5 दिन (बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी। इससे श्रद्धालु श्रीरामराजा मंदिर में सुगमता से दर्शन के लिये पहुंच सकेंगे और चंदेरी की सांस्कृतिक विरासत व प्रसिद्ध हस्तशिल्प (चंदेरी साड़ी) का अनुभव ले सकेंगे। पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है।

बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर 2025 के अवसर पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का भी शुभारंभ किया गया था। यह सेवा वर्तमान में आध्यात्मिक सेक्टर इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के साथ वाइल्डलाइफ सेक्टर जबलपुर, कान्हा, बांधवगढ़, चित्रकूट और मैहर के बीच सफलतापूर्वक संचालित है। इस सेवा का अब तक 2 हजार 648 पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने लाभ लिया है।

कितना लगेगा किराया

  • यात्रियों के लिए भोपाल से चंदेरी का किराया ₹5,500 और भोपाल से ओरछा का किराया ₹6,500 निर्धारित किया गया है।
  • ₹14,500 के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी ‘एंड-टू-एंड’ सुविधाएं भी शामिल हैं।
  • चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए ₹3,500 में ‘जॉय राइड’ की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
  • गंतव्य पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी पूर्व निर्धारित रहेगी। बुकिंग के लिए पर्यटक www.flyola.in और IRCTC पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं।
Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews