Hindi News

3 सितंबर से NDA कार्यकर्ता सम्मेलन का तीसरा चरण, 42 विधानसभा में आयोजन, आपके जिले में कब?

Written by:Deepak Kumar
Published:
3 सितंबर से NDA कार्यकर्ता सम्मेलन का तीसरा चरण, 42 विधानसभा में आयोजन, आपके जिले में कब?

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एनडीए ने अपने कार्यकर्ता सम्मेलन के तीसरे चरण की घोषणा की है, जो 3 सितंबर से शुरू होगा। इस चरण में कुल 42 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में बड़ा ऐलान

मंगलवार (26 अगस्त, 2025) को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी मौजूद रहे।

भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “23 अगस्त से कार्यकर्ता सम्मेलन का पहला चरण शुरू हुआ था और यह काफी सफल रहा। विपक्ष के पास आज विकास पर बात करने का साहस नहीं है। हमारी सरकार ने हाल में कई बड़ी घोषणाएं की हैं, जिससे जनता में उत्साह है।”

जेडीयू का दावा – तीसरा चरण और सफल होगा

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पहले चरण में जबरदस्त समन्वय दिखा। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में 14 टीमों के सदस्य सम्मेलन में शामिल होंगे। ये टीमें 3, 7 और 8 सितंबर को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी।

सम्मेलन का कार्यक्रम

  • 3 सितंबर को – वैशाली, राजगीर, सकरा, खगड़िया, बरबीघा, केसरिया, सुरसंड, छातापुर, रीगा, गया टाउन, बछवाड़ा, काराकाट, अगिआंव और बेनीपट्टी।

  • 7 सितंबर को – एकमा, कुचायकोट, महनार, फुलपरास, नवीनगर, कसबा, अलौली, केवटी, बड़हरा, कुटुंबा, बेगूसराय, बाराचट्टी, शाहपुर और जोकीहाट।

  • 8 सितंबर को – मीनापुर, मोकामा, बेलसंड, बहादुरपुर, शेरघाटी, मनिहारी, हसनपुर, सहरसा, लालगंज, मखदुमपुर, पीरपैंती, रजौली, मनेर और कटिहार।

विपक्ष पर तीखा हमला

कुशवाहा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “आज विपक्ष सिर्फ भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर जनता को भरोसा है। हम लोग एकजुट हैं, एनडीए में कोई बड़ा या छोटा भाई नहीं है।”

लोजपा का दावा – विपक्ष मुद्दाविहीन

लोजपा (रामविलास) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा, “जमीन पर विपक्ष कहीं नजर नहीं आ रहा। एनडीए में कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं और 2025 के चुनाव में पहले से बेहतर नतीजे आएंगे।”