समस्तीपुर पहुंचे जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को हसनपुर विधानसभा अंतर्गत बिथान के गांधी मैदान में आयोजित बिहार बदलाव सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी प्रमुख लालू यादव के परिवार पर तीखा हमला किया। प्रशांत किशोर ने जनता को समझाया कि केवल मंदिर बनवाना या जातीय गणना कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों और युवाओं के भविष्य पर ध्यान देना जरूरी है।
बच्चों के लिए वोट की अपील
प्रशांत किशोर ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “बिहार के लोगों ने पीएम मोदी को मंदिर के लिए वोट दिया, वो बन गया। जाति के नाम पर वोट दिया तो नीतीश कुमार ने जाति गणना करा दी। आपने अभी तक अपने बच्चों के लिए वोट नहीं दिया। इसलिए आपके बच्चे या तो बेरोजगार बैठे हैं या गुजरात और महाराष्ट्र में मजदूरी कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि 56 इंच सीना के लिए वोट दिया गया, लेकिन बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ है। किशोर ने लोगों से अपील की कि अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट दें।
ये भी पढ़ें
लालू परिवार और बेरोजगारी पर हमला
प्रशांत किशोर ने उदाहरण देते हुए कहा कि “लालू जी के बेटे ने 9वीं पास भी नहीं की, फिर भी वह राजा बनना चाहता है। वहीं बिहार के युवा अपने इंटर, ग्रेजुएशन और मास्टर्स करने के बावजूद रोजगार से वंचित हैं।” उन्होंने कहा कि नेताओं की प्राथमिकता बच्चों के भविष्य पर नहीं है, इसलिए जनता को खुद ही अपनी पीढ़ी के लिए कदम उठाना होगा।
रोजगार, पेंशन और शिक्षा के वादे
प्रशांत किशोर ने सभा में बड़े वादे भी किए। उन्होंने कहा कि छठ के बाद बिहार में युवाओं को 10-12 हजार रुपये का रोजगार मिलेगा, बुजुर्गों को 2000 रुपये मासिक पेंशन और बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। किशोर ने कहा कि “जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं होगा, आप अपने 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ाएं, उनकी फीस सरकार भरेगी।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे भ्रष्ट नेताओं को वोट न दें और बच्चों के भविष्य के लिए जन सुराज की व्यवस्था वाली सरकार को चुनें।