Hindi News

कितने बजे शुरू होगी आज मुहूर्त ट्रेडिंग? यहां जानिए समय और बीते दिन का कारोबार

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन है। दिवाली के बाद आज शेयर मार्केट बंद रहने वाला है, लेकिन आज मुहूर्त ट्रेडिंग की जाएगी, जिसके चलते 1 घंटे के लिए सभी निवेशकों को कमाई का मौका दिया जाएगा।
कितने बजे शुरू होगी आज मुहूर्त ट्रेडिंग? यहां जानिए समय और बीते दिन का कारोबार

आज 21 अक्टूबर 2025 को भारतीय शेयर बाजार में छुट्टी है। इससे पहले 20 अक्टूबर को दिवाली के दिन शेयर बाजार में कारोबार किया गया था। ऐसे में सभी लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर दिवाली की जगह 21 अक्टूबर को शेयर बाजार क्यों बंद है। बता दें कि आज मुहूर्त ट्रेडिंग होने वाली है। पूरे साल भर निवेशक इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। कई लोग इस दिन मुहूर्त में ट्रेडिंग के साथ नए शेयर्स खरीदते हैं और साल भर के लिए निवेश का नया प्लान बनाते हैं। आज सिर्फ एक घंटे के लिए शेयर बाजार खुलेगा, इसी दौरान मुहूर्त ट्रेडिंग होगी और निवेशक अपना पैसा लगा सकेंगे।

अगर आप भी भारतीय शेयर बाजार में निवेश करते हैं तो आपके लिए आज का दिन महत्वपूर्ण होने वाला है। खास तौर पर इस अवसर को सेलिब्रेट किया जाता है। आज न सिर्फ पैसा लगाने का मौका मिलेगा, बल्कि आपको पैसा कमाने का भी अवसर मिलेगा। चलिए जानते हैं आज 21 अक्टूबर मंगलवार के दिन भारतीय शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग का समय क्या है।

जानिए कितने बजे से शुरू होगी ट्रेडिंग?

जानकारी दें कि आज यानी 21 अक्टूबर मंगलवार को दोपहर 1:45 से दोपहर 2:45 तक शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की जाएगी। दोपहर 1:30 बजे से दोपहर 1:45 तक फ्री ओपनिंग विंडो होगी। वहीं, पोजिशन लिमिट और कोलेटरल वैल्यू के लिए कट ऑफ समय और ट्रेड मोडिफिकेशन विंडो दोपहर 2:55 पर बंद कर दी जाएगी। यानी आपको 1:45 से 2:45 तक का समय मिलेगा जिसमें आप ट्रेडिंग कर सकेंगे। आमतौर पर मुहूर्त ट्रेडिंग दिवाली के दिन रखी जाती है, लेकिन महाराष्ट्र में 20 अक्टूबर की जगह 21 अक्टूबर को छुट्टी होने के कारण इस साल भारतीय शेयर बाजार में 21 अक्टूबर को हॉलिडे रखा गया है।

एशियाई बाजार पर नजर डालें

एशियाई बाजार पर नजर डालें तो चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 24.14 अंक चढ़कर 3863.89 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि जापान के निक्केई में 1608.35 अंकों की बढ़त के चलते कारोबार 50185.50 के स्तर पर बंद हुआ। कोरिया के कोस्पी में 65.80 अंकों की बढ़त के चलते कारोबार 3814.69 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, हांगकांग के हैंगसेंग इंडेक्स में 611.73 अंकों की बढ़त के चलते कारोबार 25858.83 के स्तर पर बंद हुआ।

कल के व्यापार पर भी नजर डालें

मुहूर्त ट्रेडिंग में काम शुरू करने से पहले कल के व्यापार पर भी नजर डाल लेना चाहिए। बता दें कि बीते दिन भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। 20 अक्टूबर को सेंसेक्स 411 अंकों की बढ़त लेकर 84363.37 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 133 अंकों की तेजी के चलते कारोबार 25843 के स्तर पर बंद हुआ था। बीते दिन 20 अक्टूबर को कारोबार के अंत तक आईटी, मीडिया, फार्मा और प्राइवेट सेक्टर में अच्छी तेजी दिखाई दी, जबकि ऑटो, एफएमसीजी और मेटल सेक्टर में गिरावट रही थी। सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयरों में तेजी रही, जबकि 11 में गिरावट दर्ज की गई।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews