MP Breaking News

छतरपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले दो ठिकानों पर मारा छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टे और उपकरण जब्त

छतरपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले दो ठिकानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने देशी कट्टे, अधबने कट्टे और हथियार निर्माण के उपकरण भी जब्त किए है।
Chhatarpur News

छतरपुर: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत दो बड़ी कार्रवाई की है। लवकुशनगर पुलिस ने एमपी के किशनपुरा और उत्तर प्रदेश के खजुरिया पहरा गांव में हथियार बनाने वाले ठिकानों पर दबिश दी है। पुलिस ने यहां से देशी कट्टे, अधबने कट्टे और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी अनुसार, पुलिस को मु​खबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुरा में अवैध रूप से कट्टे बनाए जा रहे हैं। पुलिस की टीम ने तत्काल ही संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर अच्छी तरह तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से 315 बोर का देशी कट्टा, 12 बोर का देशी कट्टा, अधबने कट्टों के सांचे, नाल और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण मिले।

इस दौरान पुलिस ने किशनपुरा निवासी जीतेंद्र उर्फ राजू राजपूत को दबोचा एवं उससे पूछताछ की। आरोपी से पूछताछ में पुलिस को महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के खजुरिया पहरा गांव में भी हथियार बनाए जाने की जानकारी मिली। जिसके बाद पुलिस की टीम तत्काल ही दूसरे ठिकाने पर छापा मारने के निकल गई।

पुलिस ने दूसरे ठिकाने पर भी मारा छापा

आरोपी जितेंद्र ने बताया कि यूपी के महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया पहरा में कामता प्रजापति अवैध हथियार बनाने का काम करता है। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर वहां दबिश दी और कामता प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने से भी हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण बरामद किए गए।

दोनों ठिकानों से मिले हथियार बनाने वाले सामान

बता दें कि पुलिस को दोनों ही ठिकानों पर छापा मारने पर तलाशी में हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण जब्त किए हैं। इनमें लोहे की धुकनी, बांके, निहाई, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, हथौड़ी, लोहा काटने की आरी, पत्ती, रेती, प्लास, पेंचकस, लोहे की संसी, छेनी, स्प्रिंग और हैमर समेत अन्य सामग्री शामिल है।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

बता दें कि पुलिस ने दोनों ठिकानों पर दबिश देकर दो आरोपियों जीतेंद्र उर्फ राजू राजपूत और कामता प्रजापति को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अवैध हथियार तैयार कर उन्हें मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में बेचने की बात कबूल की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार किन लोगों को बेचते थे और उनकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी।

Saurabh Shukla
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews
छतरपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले दो ठिकानों पर मारा छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टे और उपकरण जब्त - MP Breaking News