धार: मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। अलग-अलग जिलों में पुलिस अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुये आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज रही है। इसी बीच, धार में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक्शन लेते हुये तीन अलग अलग कार्रवाई में करोड़ों रुपये का गांजा बरामद किया है।

बता दें कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने अवैध गांजे के खिलाफ तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में 1 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।

तीन अलग-अलग स्थानों से 1105 किलो गांजा बरामद

जानकारी के अनुसार, गंधवानी, राजोद और सरदारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने अवैध गांजे के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने खेतों में तुअर और कपास के पौधों के बीच लगाए गये गांजे के अवैध पौधे बरामद किये हैं। इनका कुल वजन 1105 किलोग्राम है। जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 24 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

धार से मो. अंसार की रिपोर्ट