मध्य-पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब वैश्विक हवाई यात्रा पर भी साफ तौर पर दिखने लगा है। इस संकट के चलते हजारों यात्री दुनिया के अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर फंसे हुए हैं, जिनमें भारतीय भी शामिल हैं। इसी क्रम में, बॉलीवुड अभिनेत्री और ‘जन्नत’ फेम सोनल चौहान भी दुबई में फंस गई हैं। उड़ानें रद्द होने के कारण उन्होंने भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील की है।
सोनल चौहान ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी पोस्ट कर अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौजूदा तनावपूर्ण माहौल के कारण सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं दिख रहा है।
पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में सीधे प्रधानमंत्री को टैग करते हुए अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि वह सुरक्षित घर वापसी के लिए सरकारी मार्गदर्शन और समर्थन चाहती हैं।
“माननीय पीएम नरेंद्र मोदी जी, मैं अभी दुबई में चल रहे टेंशन के बीच फंसी हुई हूं। फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं। इंडिया लौटने का कोई साफ रास्ता नहीं दिख रहा है। मैं सुरक्षित घर वापस आने में मदद के लिए सरकार से गाइडेंस और सपोर्ट चाहती हूं। मैं सुरक्षित घर वापसी के लिए बहुत आभारी रहूंगी।” — सोनल चौहान
यह स्थिति केवल सोनल चौहान तक ही सीमित नहीं है। भारत की डबल ओलंपिक मेडलिस्ट और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु को भी दुबई एयरपोर्ट पर इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने भी इंस्टाग्राम पर एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी की एक झलक साझा करते हुए बताया कि अगली सूचना तक सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं।
‘जन्नत’ से मिली थी सोनल को पहचान
सोनल चौहान के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्हें 2008 में आई फिल्म ‘जन्नत’ से बड़ी पहचान मिली थी। यह उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म थी, जिसमें वह इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं और रातों-रात स्टार बन गई थीं। इसके बाद उन्होंने कई हिंदी, तेलुगू, तमिल और कन्नड़ फिल्मों में काम किया है।
उनकी कुछ प्रमुख फिल्मों में ‘बुड्ढा होगा तेरा बाप’, ‘पलटन’, ‘द घोस्ट’ और ‘आदिपुरुष’ शामिल हैं। प्रभास स्टारर ‘आदिपुरुष’ में उन्होंने मंदोदरी का किरदार निभाया था। हाल ही में वह अपनी पहली बांग्लादेशी और बंगाली फिल्म ‘दर्द’ में भी नजर आई थीं। फिल्मों के अलावा, सोनल कई लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो का भी हिस्सा रही हैं।







