सिनेमाघरों में करीब दो महीने तक दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद रानी मुखर्जी की दमदार फिल्म ‘मर्दानी 3’ अब आपके घर पर दस्तक देने के लिए तैयार है। बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने वाली इस फिल्म को अब OTT पर रिलीज किया जा रहा है। जिन लोगों ने इसे बड़े पर्दे पर मिस कर दिया, उनका इंतजार अब खत्म होने वाला है।
रानी मुखर्जी ने एक बार फिर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में जान डाल दी और फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स से भी खूब तारीफ मिली। 30 जनवरी को रिलीज हुई यह फिल्म अब अपने डिजिटल प्रीमियर के लिए पूरी तरह तैयार है।
Netflix पर कब से होगी स्ट्रीम?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ के डिजिटल राइट्स स्ट्रीमिंग जायंट Netflix ने खरीदे हैं। फिल्म 27 मार्च को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम की जा सकती है। हालांकि, मेकर्स या नेटफ्लिक्स की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन आमतौर पर फिल्में अपनी थिएट्रिकल रिलीज के 8 हफ्तों के बाद ही OTT पर आती हैं, और इस हिसाब से मार्च का आखिरी हफ्ता ही इसकी रिलीज का समय बनता है।
बॉक्स ऑफिस पर कैसे चला रानी का जादू?
इस फिल्म की कहानी 93 युवा लड़कियों के गायब होने के एक सनसनीखेज मामले पर आधारित है, जिसे सुलझाने की जिम्मेदारी ऑफिसर शिवानी शिवाजी रॉय को मिलती है। आयुष गुप्ता की लिखी और अभिराज मीनावाला के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
फिल्म ने 4 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन दमदार कहानी और पॉजिटिव वर्ड-ऑफ-माउथ के चलते इसने रफ्तार पकड़ ली। पहले हफ्ते में 26.5 करोड़ कमाने के बाद फिल्म ने कुल 60.15 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया। यह कलेक्शन दिखाता है कि दर्शकों को रानी का एक्शन अवतार कितना पसंद आया। अब यही वजह है कि फिल्म की OTT रिलीज का बेसब्री से इंतजार हो रहा है।






