ग्वालियर/अतुल सक्सेना
सिंधिया समर्थक नेता एवं प्रदेश के पूर्व खाद्य मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सोमवार को एक बार फिर जन सेवा के लिए सड़क पर निकले। इस बार वे ना तो शौचालय की सफाई करने निकले ना नाले की कीचड़ निकालने और ना ही सड़क पर झाड़ू लगाने। उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोमवार को अपनी विधानसभा के मोहल्लों और बस्तियों को खुद अपने हाथों से सेनेटाइज किया।
कोरोना संक्रमण के कारण नगर निगम प्रशासन शहर के अलग अलग क्षेत्रों में जाकर सेनेटाजेशन कर रहे हैं। लेकिन सोमवार को प्रदेश के पूर्व खाद्य मंत्री एवं ग्वालियर विधानसभा के पूर्व विधायक सिंधिया समर्थक नेता प्रद्युम्न सिंह तोमर खुद निकले उन्होंने अपने क्षेत्र के मोहल्ले और बस्तियों में जाकर अपने हाथ से घरों को सेनेटाइज किया। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में आज मेरे क्षेत्र की उस जनता को मेरी जरूरत है जिसने मुझे जिताया और मेरी एक अलग पहचान बनाई। इसलिए मैं अंतिम सांस तक अपने क्षेत्र की जनता की सेवा में करता रहूँगा। उन्होंने कहा कि मैं जनसवक हूँ और ये मेरा दायित्व है ।






