Hindi News

7 जून को आयोजित की जाएगी हिमाचल TET परीक्षा, 535 अभ्यर्थी 3 केंद्रों पर देंगे एग्जाम

Written by:Ankita Chourdia
Published:
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 7 जून को स्पेशल एजुकेटर TET परीक्षा आयोजित करेगा। दरअसल 535 अभ्यर्थी 3 केंद्रों पर एग्जाम देंगे। अगर आप भी इन अभ्यर्थियों में शामिल है तो एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्पेशल एजुकेटर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा इसी महीने 7 जून को आयोजित की जाएगी। लंबे समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है।

दरअसल हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPSEB) द्वारा आयोजित यह परीक्षा प्रदेश के कुल तीन परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। वहीं इन केंद्रों पर कुल 535 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा को सही तरीके से करवाने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की परेशानी न हो।

एडमिट कार्ड भी जारी कर दिया गया

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड ने एडमिट कार्ड भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही रोल नंबर डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जरूरी होगा, क्योंकि बिना एडमिट कार्ड परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे में सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें।

अलग-अलग सत्रों में आयोजित होगी एग्जाम

वहीं हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि टीईटी जून-2026 के तहत स्पेशल एजुकेटर की दो अलग-अलग परीक्षाएं रविवार 7 जून को आयोजित की जाएंगी। इनमें प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक के स्पेशल एजुकेटर और छठी से बारहवीं तक के स्पेशल एजुकेटर की परीक्षाएं शामिल हैं। दोनों परीक्षाओं की अवधि ढाई-ढाई घंटे की होगी और इन्हें दो अलग-अलग सत्रों में कराया जाएगा।

पहले सत्र में स्पेशल एजुकेटर TET (प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक) की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। इस सत्र में कुल 407 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें ताकि किसी तरह की जल्दबाजी या परेशानी से बचा जा सके।

दूसरे सत्र में स्पेशल एजुकेटर TET (कक्षा 6वीं से 12वीं तक) की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 128 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बोर्ड ने सभी उम्मीदवारों से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की है, क्योंकि देरी से पहुंचने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा सकता।

यहां से डाउनलोड कर सकते हैं एडमिट कार्ड

परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दिए गए हैं। उम्मीदवार अपने एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से आसानी से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से कहा है कि वे एडमिट कार्ड पर दर्ज सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews