इंदौर।
पुलिस को चकमा देकर इंदौर के एमवाय अस्पताल से हथकड़ी सहित फरार हुए बदमाश आरोपी हेमंत स्वामी को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी हेमंत स्वामी को देवास के पास स्थित गांव हरदा रोड से पकड़ा गया है।
आपको बता दें कि 24 जून को पुलिस के जवान आरोपी को एमवाय अस्पताल में मेडिकल के लिए ले गई थी जहां से वो पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित भाग गया था। बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने के बाद हथियार लहराकर लोगों को डराने के आरोप में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस द्वारा आरोपी पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अस्पताल से फरार होकर आरोपी देवास के पास एक गांव में चला गया था। उस गांव में वह हथकड़ी सहित घूम रहा था। इस पर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
इस बारे में पता चलते ही पुलिस ने गांव जाकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी आदतन अपराधी है। उस पर अलग-अलग मामलों में कई केस दर्ज हैं।





