Hindi News

RRB NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती पर बड़ी अपडेट, मार्च में होगी परीक्षा, रेलवे ने जारी किया अहम नोटिस

Published:
Last Updated:
आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल परीक्षा का शेड्यूल जारी हो चुका है। शहर सूचना पर्ची और एडमिट कार्ड के लिए संभावित तारीख की घोषित हो चुकी है। उम्मीदवारों को कुछ सलाह भी दी गई है। 
RRB NTPC ग्रेजुएट लेवल भर्ती पर बड़ी अपडेट, मार्च में होगी परीक्षा, रेलवे ने जारी किया अहम नोटिस

रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती (RRB NTPC 2025) को लेकर महत्वपूर्ण नोटिस जारी किया है। परीक्षा की संभावित तिथि घोषित कर दी गई है। एग्जाम 16 मार्च से लेकर 27 मार्च तक आयोजित होगा। इसमें लाखों उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। आरआरबी के किसी भी आधिकारिक क्षेत्रीय वेबसाइट पर जाकर टाइम टेबल शेड्यूल डाउनलोड कर सकते हैं।

नोटिस के मुताबिक शहर सूचना पर्ची 10 दिन पहले जारी की जाएगी। इसमें उन शहरों के नाम होंगे, जहां पर परीक्षा केंद्र आवंटित होने वाले हैं। हालांकि एग्जाम के दिन इसका कोई महत्व नहीं होगा। इससे उम्मीदवारों को यात्रा और आवास व्यवस्था करने में मदद मिलेगी। वहीं प्रवेश पत्र परीक्षा की तारीख से 4 दिन पहले जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार लॉग क्रेडेंशियल जैसे की रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके इसे डाउनलोड कर पाएंगे।

एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी के  बिना एग्जामिनेशन हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी। प्रवेश पत्र में उम्मीदवार का नाम, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर, परीक्षा की तारीख, शिफ्ट परीक्षा केंद्र का नाम और पता समेत अन्य जानकारी मौजूद होगी।

उम्मीदवार रखें इन बातों का ख्याल 

परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार से जुड़ा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को ऑरिजिनल आधार कार्ड या ई-सत्यापित आधार कार्ड का प्रिंट आउट लाना होगा। जिन उम्मीदवारों ने आधार सत्यापन नहीं किया है, उन्हें रेलवे ने ऑफिशियल वेबसाइट http://www.rrbapply.gov.in पर जाकर लॉग क्रेडेंशियल दर्ज करके आधार से अपनी पहचान प्रमाणित करने की सलाह दी है। ताकि एग्जामिनेशन हॉल में एंट्री के समय को भी परेशानी न हो। इसके अलावा उम्मीदवारों को यूआईडीएआई सिस्टम में आधार को अनलॉक स्टेटस में रखने को भी कहा गया है।

5 हजार से अधिक वैकेंसी 

रेलवे ने गैर तकनीकी लोकप्रिय कोटियाँ (ग्रेजुएट) के लिए कुल 5810 पदों पर भर्ती निकाली है। चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के लिए 161, स्टेशन मास्टर के लिए 615, गुड्स ट्रेन मैनेजर के लिए 3416, जूनियर अकाउंट्स अस्सिटेंट कम टाइपिस्ट के लिए 921, सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के लिए 638 और ट्रैफिक असिस्टेंट के लिए 59 पद खाली हैं। उम्मीदवारों का चयन सीबीटी-1, सीबीटी-2, कंप्यूटर एप्टीट्यूड टेस्ट, कंप्यूटर बेस्ड टाइपिंग स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्य दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर होगा। मार्च में सीबीटी-1  का आयोजन होने वाला है। इसमें चयनित उम्मीदवार अगले चरण में शामिल हो पाएंगे।

परीक्षा का पैटर्न 

सीबीटी-1 परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं। प्रश्न पत्र 3 सेक्शन में विभाजित होता है। जिसमें जनरल अवेयरनेस से संबंधित 40 प्रश्न शामिल होते हैं।  गणित और जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग से संबंधित 30-30 प्रश्न पूछे जाते हैं। परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/3 नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान होगा। सही उत्तर पर एक अंक मिलेंगे। PwD उम्मीदवारों को 120 मिनट का समय दिया जाएगा। सीबीटी- 2 परीक्षा कुल 120 अंकों की होगी। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेंगे। जनरल अवेयरनेस संबंधित 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं गणित और जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग से संबंधित 35-35 प्रश्न इसमें शामिल होंगे। स्टेज 1 परीक्षा की तरह इसमें भी 1/3 नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान होगा। इसकी अवधि 90 मिनट होगी।

यहाँ देखें नोटिस
मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !