Hindi News

आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12वीं में टॉप करने वाले छात्रों को देंगे स्कूटी, 97 हजार से ज्यादा छात्रों को मिलेगा फायदा

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज, 5 फरवरी को, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा 12वीं में टॉप करने वाले छात्रों को स्कूटी प्रदान की जाएगी। यह कार्यक्रम भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए शिक्षा विभाग की ओर से लगभग पूरी तैयारी कर ली गई है।
आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12वीं में टॉप करने वाले छात्रों को देंगे स्कूटी, 97 हजार से ज्यादा छात्रों को मिलेगा फायदा

भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टॉपर्स को स्कूटी और लैपटॉप प्रदान करेंगे। इसके बाद, 15 फरवरी तक छात्र-छात्राओं को लैपटॉप की राशि भी प्रदान कर दी जाएगी। बता दें कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 के टॉपर्स लगभग एक साल से इस योजना का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों की सूची भी तैयार कर ली गई है। आज मुख्यमंत्री इन छात्रों को सम्मानित करेंगे।

दरअसल, जापान यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि ‘विद्यार्थी वर्ग को बहुत जल्द लैपटॉप की राशि दी जाएगी, साथ ही स्कूल स्तर पर जो प्रावीण्य सूची में आए हैं, ऐसे बच्चों को स्कूटी भी प्रदान की जाएगी। हमारी योजना के अनुसार, हम छात्रों को यह सौगात देंगे।’

इन छात्रों को मिलेगी स्कूटी

शैक्षणिक सत्र 2023-24 में 12वीं में टॉप करने वाले लगभग 7,900 छात्रों को सरकार द्वारा स्कूटी प्रदान की जाएगी, जबकि 12वीं में 75% से अधिक अंक हासिल करने वाले 90,000 छात्रों को लैपटॉप की राशि दी जाएगी। मध्य प्रदेश सरकार लंबे समय से छात्रों के लिए यह योजना चला रही है। इस योजना के तहत 2023-24 शैक्षणिक सत्र पर लगभग 250 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। आज होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने पहले ही इसकी जानकारी साझा कर दी थी। अधिकारियों के मुताबिक, टॉपर्स की सूची तैयार हो चुकी है और वित्त विभाग में भी प्रस्ताव भेजा जा चुका है। आज यानी 5 फरवरी को छात्रों को स्कूटी प्रदान करने का यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जानिए कब शुरू की गई थी यह योजना

दरअसल, यह योजना सरकार ने 2023 में शुरू की थी। सरकारी स्कूलों में 12वीं के टॉपर्स इस योजना के पात्र हैं। इस योजना के तहत सरकार की ओर से टॉपर्स को ई-स्कूटी या पेट्रोल स्कूटी के लिए दो किस्तों में राशि दी जाती है। यह पूरी तरह से छात्रों पर निर्भर करता है कि वे ई-स्कूटी लेना चाहते हैं या पेट्रोल स्कूटी। ई-स्कूटी की कीमत 1,20,000 रुपए है, जबकि पेट्रोल स्कूटी की कीमत 90,000 रुपए रखी गई है। इससे पहले, सत्र 2022-23 में 7,778 छात्रों को इस योजना के तहत स्कूटी प्रदान की गई थी। बता दें कि 15 फरवरी से पहले छात्रों को लैपटॉप की राशि भी प्रदान कर दी जाएगी। इस योजना के तहत, 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को सरकार की ओर से 25,000 रुपए की राशि दी जाती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews