मंदसौर में हथियारों की तस्करी का खुलासा, मिठाई और तेल के डब्बे से मिले 2 पिस्टल और 700 कारतूस

मंदसौर पुलिस ने चार आरोपियों को पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी मिठाई और तेल के डब्बे में छुपाकर इन हथियारों को ले जा रहे थे। अब पूछताछ कर हथियारों के इस नेटवर्क के संबंध में जानकारी खंगाली जा रही है।
Mandsaur

मंदसौर पुलिस ने त्योहारों से पहले एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दरअसल, पुलिस ने हथियारों का जखीरा पकड़ा है। इसमें 2 पिस्टल के साथ 700 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। भैंसोदामंडी चौक पुलिस द्वार इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान हथियारों की अन्तर्राज्यीय तस्करी से जुड़ा हैरान करने वाला तरीका सामने आया है। जिस तरह से इन हथियारों को सप्लाई किया जा रहा था। उससे पहली नजर में समझना मुश्किल है कि सामने जो चीजे मौजूद हैं, उनमें हथियार छुपाकर ले जाए जा रहे हैं।

मिठाई और तेल के डब्बे में हथियार

बता दें कि पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में मिठाई और सरसों के तेल से भरे डब्बे में हथियार छुपाकर ले जाए जा रहे थे। उत्तरप्रदेश के मैनपुरी से इस खेप को मध्य प्रदेश के मंदसौर लाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड सहित 4 आरोपियों को पकड़ लिया है।

इन्हें किया गया गिरफ्तार

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी के मास्टरमाइंड 76 वर्षीय फरमान अली, 28 वर्षीय इरफान, 19 वर्षीय रिहान और 22 वर्षीय आदिल मिर्जा को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 4 एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद हुए हैं। सभी से तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बरमद की गई 2 पिस्टल की कीमत 40 हजार रुपए, 700 जिंदा राउंड की कीमत 3 लाख 15 हजार रुपए और 4 मोबाइल की कीमत 71000 रुपए बताई जा रही है।

मुखबिर से मिली सूचना

एसपी विनोद कुमार मीणा द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक भैंसोदा मंडी पुलिस को मुखबिर के जरिए हथियारों की तस्करी के संबंध में जानकारी मिली थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मालीपुरा तिराहे से 4 संदिग्धों को पकड़ा। जब तलाशी ली गई तो बैग में रखे हुए मिठाई के डब्बे से 2 पिस्टल मिली। यहां तक तो ठीक था। हद तो तब हो गई जब सरसों के तेल के बन के अंदर प्लास्टिक की थैलियां में से 700 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

हथियार सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अब पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हथियार कहां से लेकर आए थे और सप्लाई करने के लिए कहां लेकर जा रहे थे। इनके बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews