बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक रेस्टोरेंट में खाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। यहां के फरीदपुर कस्बे में एक ग्राहक ने पनीर की सब्जी में मांस के टुकड़े मिलने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। ग्राहक का आरोप था कि रेस्टोरेंट संचालक ने जानबूझकर उसका धर्म भ्रष्ट करने की कोशिश की है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में ले लिया।
मामला फरीदपुर बड़े बाइपास पर भूरेखां गौटिया स्थित शान फैमिली रेस्टोरेंट का है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला परा ठाकुरान गढ़ी के रहने वाले विक्रम सिंह अपने एक दोस्त के साथ यहां खाना खाने पहुंचे थे। उन्होंने पनीर की सब्जी और रोटी का ऑर्डर दिया।
ये भी पढ़ें
पनीर में मांस मिलने का आरोप
विक्रम सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब वे खाना खा रहे थे, तो उन्हें पनीर की सब्जी में मांस के टुकड़े मिले। यह देखते ही वे भड़क गए और उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक पर उनका धर्म भ्रष्ट करने का गंभीर आरोप लगाया। इस बात को लेकर ग्राहक और रेस्टोरेंट संचालक शान अली के बीच तीखी कहासुनी हो गई, जिसने जल्द ही हंगामे का रूप ले लिया।
पुलिस ने की शांतिभंग की कार्रवाई
विवाद की सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक शान अली को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की। इस बीच, घटना की खबर फैलते ही विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कुछ कार्यकर्ता भी रेस्टोरेंट पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रेस्टोरेंट में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक ही ग्रेवी में पकाया जाता है, जिससे ऐसी घटनाएं होती हैं।
“दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।”- संदीप सिंह, सीओ फरीदपुर
हालांकि, मामले ने ज्यादा तूल नहीं पकड़ा। फरीदपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप सिंह ने बताया कि बाद में दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।