नीमच में आज बुधवार अचानक एक फर्नीचर फैक्ट्री में आग धधक उठी, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, सूचना पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू करने का प्रयास शुरू किया, आग से फैक्ट्री में रखा फर्नीचर जलकर ख़ाक हो गया, फैक्ट्री संचालक ने करीब 5-6 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। आग लगने का स्पष्ट कारण तो जाँच के बाद मालूम चल सकेगा लेकिन फैक्ट्री संचालक ने शॉर्ट सर्किट होने का अनुमान जताया हैं।
नीमच के पीजी कॉलेज के पीछे कृषि विज्ञान केंद्र के पास स्थित DV Distribution Services की फर्नीचर फैक्ट्री में दोपहर करीब 12:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया। फैक्ट्री स्टाफ ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
ये भी पढ़ें
दीवार तोड़कर आग पर काबू पाने का प्रयास
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियाँ मौके पर पहुंची चूँकि फैक्ट्री बड़े हिस्से में फैली थी और आग चारों तरफ फ़ैल चुकी थी इसलिए दीवारों को तोड़ने में बहुत मशक्कत करनी पड़ी उसके बाद पानी की धार आग पर पहुंचाई गई, सूचना मिलते ही कुछ देर पहले ही फैक्ट्री से गए संचालक वापस लौटे।
करीब 5-6 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान
मीडिया से बात करते हुए फैक्ट्री संचालक दीपक भंडारी ने बताया की वे जब यहाँ से गए तब सबकुछ ठीक ठाक था अचानक आग कैसे लगी समझ नहीं आ रहा उन्होंने शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है, भंडारी के मुताबिक फैक्ट्री में करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये का तैयार स्टॉक था और लगभग 3 करोड़ रुपये की मशीनरी थी। करीब 30 हजार वर्गफीट का शेड भी आग की चपेट में आकर लगभग पूरी तरह ध्वस्त हो गया। संचालक ने कुल नुकसान 5 से 6 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान बताया है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, हालांकि संचालक ने शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है।
कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट