राजस्थान के भरतपुर शहर में लगातार हो रही बारिश ने जलभराव की समस्या को और गंभीर बना दिया है। रात से रुक-रुक कर हो रही बरसात के कारण शहर की अधिकांश कॉलोनियां पानी में डूबी हुई हैं। जिला प्रशासन की ओर से जल निकासी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन तेज बारिश के चलते स्थिति पर पूरी तरह काबू पाना मुश्किल हो रहा है। इसी बीच नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई का एक अनोखा अंदाज सामने आया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।
नाले में उतरकर खुद की सफाई
जिला कलेक्टर के निर्देश पर आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई शहर में जलभराव की स्थिति का जायजा लेने निकले। जब वह ऑटोमोबाइल मार्केट क्षेत्र में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक नाले में ईंट, पत्थर और पॉलीथिन के कारण पानी का बहाव रुक गया है। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत सफाई कर्मचारियों को बुलाने के बजाय खुद नाले में उतरकर अपने हाथों से इन रुकावटों को हटाना शुरू कर दिया। उन्होंने नाले से ईंट-पत्थर और पॉलीथिन के टुकड़े बाहर निकाले, जिससे पानी का बहाव फिर से शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें
लोगों ने की जमकर तारीफ
किसी ने आयुक्त के इस कार्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया। शहर के लोग उनके इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि एक उच्च पद पर बैठे अधिकारी का इस तरह खुद सफाई में उतरना, जनता के लिए प्रेरणा है। कई लोग यह भी कह रहे हैं कि आयुक्त चाहें तो सफाई कर्मचारियों को बुलाकर यह काम करवा सकते थे, लेकिन उन्होंने खुद पहल कर यह मिसाल पेश की।
‘ऐसे छोटे-मोटे काम करते रहना चाहिए’ – आयुक्त
आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया है। जल निकासी के लिए पंप सेट लगाए गए हैं और जहां से भी मांग आ रही है, वहां तुरंत पंप भिजवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने नाले में रुकावट देखी तो खुद ही उसे हटाना उचित समझा। “किसी को फोन करता तो समय लगता, और शायद वह जगह ढूंढने में भी देर हो जाती। इसमें कोई बड़ी बात नहीं है, ऐसे छोटे-मोटे काम करते रहने चाहिए,” उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा।