राजस्थान में आगामी निकाय और पंचायत चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी ने अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए एक बड़ी मुहिम शुरू की है। पार्टी ‘संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के माध्यम से प्रदेश भर में 5 लाख से अधिक नए पदाधिकारियों की नियुक्ति करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत संगठन का विस्तार ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड स्तर तक किया जाएगा।

पार्टी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जानकारी दी कि वे स्वयं और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली इस अभियान को लेकर पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। उनका उद्देश्य इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना है। इसके साथ ही, कांग्रेस 27 मार्च को जयपुर के शहीद स्मारक पर राज्य सरकार के खिलाफ एक बड़े विरोध प्रदर्शन की भी तैयारी कर रही है।

गांवों में 3 लाख से ज्यादा पदाधिकारी बनाने की तैयारी

यह पहली बार है जब प्रदेश कांग्रेस ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यकारिणी का गठन कर रही है। प्रदेश में कुल 14,726 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 3,416 पंचायतें हाल ही में हुए पुनर्गठन के बाद अस्तित्व में आई हैं। पार्टी की योजना के अनुसार, प्रत्येक ग्राम पंचायत में अध्यक्ष सहित 21 सदस्यों की एक कार्यकारिणी बनाई जाएगी।

इस गणित के हिसाब से अकेले ग्रामीण क्षेत्रों में ही 3 लाख 23 हजार 972 नए पदाधिकारी बनाए जाएंगे। यह कदम गांवों में पार्टी की जड़ों को गहरा करने और हर स्तर पर कार्यकर्ताओं की एक फौज तैयार करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

शहरी वार्डों में भी 2 लाख से ज्यादा नियुक्तियां

ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ कांग्रेस का फोकस शहरी इलाकों पर भी है। प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में कुल 10,245 शहरी वार्ड हैं। यहां भी ग्राम पंचायतों की तर्ज पर हर वार्ड में अध्यक्ष सहित 21 सदस्यों की एक कार्यकारिणी गठित की जाएगी।

इस योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 2 लाख 11 हजार 590 पदाधिकारी नियुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिलाध्यक्षों को एक सर्कुलर जारी कर इस लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया है। जिलाध्यक्षों को कुल 5 लाख 35 हजार 662 पदाधिकारियों की नियुक्ति का लक्ष्य 19 अप्रैल तक पूरा करना होगा।