राजस्थान के कोटा शहर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. इसमें एक ट्रैफिक कांस्टेबल पिकअप ड्राइवर का कॉलर पकड़कर उससे बदसलूकी करता दिख रहा है. कांस्टेबल नशे की हालत में नजर आ रहा है और उसने वर्दी भी ठीक से नहीं पहनी थी. इतना ही नहीं, उसने ड्राइवर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर धमकी भी दी. वीडियो सामने आने के बाद आरोपी कांस्टेबल को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया.
गुस्साए कांस्टेबल ने ड्राइवर का पकड़ा कॉलर
यह घटना 15 अगस्त की शाम को कोटा के SP चौराहे पर हुई. ट्रैफिक कांस्टेबल कैलाश चौधरी ने एक तेज रफ्तार पिकअप को रोका, जिसमें तीन सवारियां बैठी हुई थीं. वाहन रोकने के बाद चालान काटने की बात कही गई, जिस पर ड्राइवर और कांस्टेबल के बीच बहस शुरू हो गई. बहस इतनी बढ़ी कि गुस्से में कांस्टेबल ने ड्राइवर का कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज करने लगा.
पिकअप में बैठे एक युवक ने यह पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है.
ये भी पढ़ें
पीएम मोदी के नाम पर दी धमकी
बहस के दौरान कांस्टेबल ने ड्राइवर को धमकाते हुए कहा कि शांति से बात कर ले, नहीं तो नुकसान हो जाएगा. उसने ड्राइवर को यह भी कहा कि उसका बेटा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पायलट है और वह कुछ भी कर सकता है.
मामले के दौरान उसने अपना हेलमेट पिकअप के स्टीयरिंग पर रख दिया. जब ड्राइवर ने हेलमेट उठाकर लौटा दिया, तो कांस्टेबल का गुस्सा और भड़क गया. इसी बात को लेकर उसने कॉलर पकड़कर ड्राइवर को धमकाया और गाली-गलौज करता रहा.
वीडियो वायरल, कॉन्स्टेबल तत्काल सस्पेंड
वीडियो सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया. कोटा ट्रैफिक DSP अशोक कुमार ने कहा कि कांस्टेबल ने ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता की है. उन्होंने माना कि ड्राइवर से अभद्र व्यवहार करना गलत था और इस तरह का आचरण पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाता है.
DSP ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए कांस्टेबल कैलाश चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है.
पुलिस की छवि पर सवाल
इस घटना के बाद लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. आमतौर पर पुलिस से उम्मीद की जाती है कि वह जनता के साथ शालीनता और जिम्मेदारी से पेश आए, लेकिन इस घटना ने पूरे विभाग की छवि पर दाग लगाया है. स्थानीय लोग भी इस घटना से नाराज हैं और सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं.