संसद के मानसून सत्र में राजस्थान के सांसदों ने सवालों की झड़ी लगा दी। इस सत्र में कुल 5,248 प्रश्न पूछे गए। इनमें से केंद्र में मंत्री भागीरथ चौधरी, भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल पर सवालों का जवाब देने की जिम्मेदारी रही। वहीं कोटा से सांसद ओम बिरला लोकसभा अध्यक्ष होने के कारण प्रश्नों में शामिल नहीं रहे। ऐसे में राज्य के अन्य 20 सांसदों ने कुल 472 सवाल उठाए।

सबसे ज्यादा सवाल पूछने वाले सांसद

जालोर से सांसद लुंबाराम चौधरी ने सबसे ज्यादा 48 सवाल पूछकर रिकॉर्ड कायम किया। वहीं पाली से पीपी चौधरी और उदयपुर से सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने 41-41 सवाल पूछे। राजसमंद से महिमा कुमारी मेवाड़ ने 35 सवाल पूछकर शीर्ष पांच में जगह बनाई। भीलवाड़ा से दामोदर अग्रवाल ने 39 सवाल, जबकि झालावाड़-बारां से दुष्यंत सिंह ने 25 सवाल पूछे।

सबसे कम सवाल पूछने वाले सांसद

करौली-धौलपुर से सांसद भजनलाल जाटव ने इस सत्र में केवल 4 सवाल पूछे, जो सबसे कम हैं। भरतपुर से संजना जाटव ने 10 और चित्तौड़गढ़ से सीपी जोशी ने 12 सवाल उठाए।

अन्य प्रमुख सांसद और उनके सवाल

संसद के मानसून सत्र में राजस्थान के कई सांसदों ने सक्रियता दिखाई। चूरू से राहुल कास्वां ने 23 सवाल पूछे। नागौर से हनुमान बेनीवाल और सीकर से अमराराम ने 22-22 सवाल उठाए। जयपुर शहर की मंजू शर्मा और जयपुर ग्रामीण के राव राजेंद्र सिंह ने 21-21 प्रश्न पूछे। बांसवाड़ा के राजकुमार रोत, दौसा के मुरारी लाल मीणा और गंगानगर के कुलदीप इंदौरा ने 19-19 सवाल किए। टोंक-सवाई माधोपुर के हरिश चंद्र मीणा ने 17 और झुंझुनू के बृजेंद्र सिंह ओला ने 14 सवाल उठाए। यह दर्शाता है कि कई सांसद मुद्दों पर सक्रियता से सवाल उठा रहे हैं।