राजस्थान के पूर्वी भागों में आगामी 4-5 दिन दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। इसके असर से 3-4 दिन अधिकांश भागों में हल्की-मध्यम बारिश व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इसके अलावा कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया। 6-9 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान और 7-8 जुलाई को पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि 10 जुलाई से राज्य में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी भारत में बना डिप्रेशन सोमवार को दक्षिण-पूर्वी झारखंड व उत्तरी उड़ीसा के आसपास पहुंच गया है। इसके आगामी 24 घंटों में दक्षिणी झारखंड, उत्तरी उड़ीसा व छत्तीसगढ़ से होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके असर से 6-9 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश होने व 7-8 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को कहां कैसा रहेगा मौसम
- जालौर, पाली, जोधपुर, नागौर, फलोदी, सीकर, जयपुर, अलवर, राजसमंद, अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा / आकाशीय बिजली / तेज अंधड़/हवा की गति 30-50 किमी प्रति घंटा।
- 6-9 जुलाई : उदयपुर-कोटा संभाग में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश।
- 7-8 जुलाई: जोधपुर-बीकानेर संभाग में मेघगर्जन/हल्की मध्यम बारिश/कहीं-कहीं भारी बारिश।






