मध्य प्रदेश के रीवा जिले के त्योंथर स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय में लोकायुक्त पुलिस ने एक अमीन को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।आरोपी बाबू ने विभाग के चौकीदार की विधवा का पेंशन प्रकरण बनाने के लिए रिश्वत की मांग की थी। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मोनू नापित, निवासी ग्राम चुनरी, तहसील त्योंथर, जिला रीवा ने 24 जुलाई को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें कहा गया था कि उनके पिता रामसुचित नापित जल संसाधन विभाग में चौकीदार थे, जिनका 24 मार्च 2026 को सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। पिता की मृत्यु के बाद माता के पेंशन प्रकरण तैयार कराने के लिए विभागीय अमीन रामबरण मिश्रा ने कथित तौर पर रिश्वत की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में बताया कि पेंशन प्रकरण बनाने के लिए बडे़ बाबू ने पहले तो मुझसे 5000 ले लिए तथा 7000 रुपए और रिश्वत देने की मांग की । इसके बाद सत्यापन के दौरान मुझसे 4000 रुपए फिर ले लिए तथा 3000 रुपए और मागें है।
शिकायत मिलने के बाद रीवा लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने के बाद योजना बनाकर आरोपी अमीन को बाणसागर कॉलोनी स्थित दफ्तर के पास 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देश पर गठित टीम द्वारा की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया । टीम द्वारा कार्यवाही की जा रही है
इससे पहले शनिवार को रीवा लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिरमौर वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल दिनेश कुमार को 78 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। वनपाल ने लकड़ी से लदे ट्रक को छोड़ने के एवज में ट्रक चालक से पहले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।






