मध्य प्रदेश के जय मीणा ने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में बुधवार को सॉफ्ट टेनिस में भारत के लिए पदक जीता। पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में जय मीणा भले ही जापान के ताकुया कुरोसाका से 2-4 से हार गए लेकिन उन्होंने बेहद कड़ी टक्कर दी और कांस्य पदक अपने नाम किया।
बता दें कि एमपी के देवास के रहने वाले जय मीणा 2018 और 2022 एशियाई खेलों में भी भारत का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इससे पहले वह 2024 विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीत चुके हैं। एशियन गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतना भारत के लिए बहुत गर्व की बात है।
ये भी पढ़ें
जय मीणा सेमीफाइनल में हारे, ऐसा रहा प्रदर्शन
जय मीणा को 45 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में जापान के ताकुया कुरोसाका के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। कुरोसाका ने मैच की शुरुआत में लगातार तीन गेम जीतकर 3-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, मीणा ने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए चौथा गेम 4-1 से अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने पांचवां गेम भी 6-4 से जीतकर मुकाबले का स्कोर 2-3 कर दिया और मैच में रोमांच बढ़ा दिया।
छठे गेम में कुरोसाका ने संयम बनाए रखा और 4-1 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली। मुकाबले का स्कोर 3-5, 1-4, 1-4, 4-1, 6-4, 1-4 रहा। सेमीफाइनल में हार के बावजूद जय मीणा का कांस्य पदक जीतना एशियाई खेलों में भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जय मीणा को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष सॉफ्ट टेनिस मुकाबले में कांस्य पदक जीतने वाले जय मीणा को बधाई दी। जय मीणा एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस में भारत के पहले पदक विजेता बने हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जय मीणा की यह उपलब्धि भारत में सॉफ्ट टेनिस के लिए एक यादगार नया अध्याय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पदक देश के और अधिक युवाओं को सॉफ्ट टेनिस खेलने और इस खेल में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। प्रधानमंत्री ने जय मीणा को उनके आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
सीएम मोहन यादव ने जय मीणा को दी बधाई
सीएम डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स 2026 के पुरुष सिंगल्स सॉफ्ट टेनिस इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर जय मीणा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जय मीणा के समर्पण, अनुशासन और लगातार कड़ी मेहनत से यह उपलब्धि संभव हुई है। सीएम ने मीणा के उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
