दुनिया की सबसे बड़ी लीग इंडियन प्रीमीयर लीग (IPL) का 19वां सीजन ऑक्शन के लिए तैयारी हो चुका है। 16 दिसंबर को अबू धाबी में मिनी नीलामी होने वाली है। 15 नवंबर से पहले सभी टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ियों को रिलीज और रिटेन कर लिया है। अब बस नीलामी में बोली लगना बाकी है। हालांकि इस बार मिनी ऑक्शन होगा लेकिन इससे पहले IPL 2026 से पहले ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स में बड़ा बदलाव हुआ है।
सभी फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत करने में जुटी हुई हैं इसलिए खिलाड़ियों के साथ अपने स्टाफ में भी बदलाव कर रही है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने टूर्नामेंट से पहले स्पिन बॉलिंग कोच का ऐलान कर दिया है। LSG ने अपने कोचिंग स्टाफ में एक अहम बदलाव करते हुए इंग्लैंड के पूर्व प्लेयर कार्ल क्रो को स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया है। बता दें कि पिछले सीजन में LSG की स्पिन गेंदबाजी पर कई सवाल उठे थे।
KKR के स्पिन बॉलिंग कोच रह चुके हैं कार्ल
कार्ल क्रो इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्पिन बॉलिंग कोच रह चुके हैं, जहां उनके मार्गदर्शन में सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्टार गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था, उनकी कोचिंग शैली और विशेष स्पिन तकनीकों पर पकड़ ने उन्हें लीग में एक विशेषज्ञ कोच के रूप में पहचान दिलाई है।
कार्ल क्रो का प्रदर्शन
कार्ल क्रो इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी हैं। हालांकि उनके करियर की बात करें तो वह कभी इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले। उन्होंने 42 फर्स्ट क्लास मैचों में 60 विकेट लिए, और लिस्ट ए के 40 मैचों में उनके नाम 33 विकेट हैं। उन्होंने एक टी20 मैच भी खेला था, हालांकि इसमें उनकी गेंदबाजी नहीं आई जबकि बल्ले से उन्होंने 9 रन बनाए थे।
LSG का कोचिंग स्टाफ
अगर LSG में कोचिंग स्टाफ की बात करें तो टॉम मूडी क्रिकेट डायरेक्टर हैं। हेड कॉच के रूप में जस्टिन लैंगर टीम को लीड कर रहे हैं। वहीं असिस्टेंट कोच के रूप में लांस क्लूजनर, बॉलिंग कोच का जिम्मा भरत अरुण, स्पिन बॉलिंग कोच का दायित्व कार्ल क्रो को दिया गया है। इसके अतिरिक्त स्ट्रेटेजिक एडवाइजर के पद पर केन विलियमसन हैं।





