आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में न्यूज़ीलैंड और श्रीलंका के बीच बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। अब तक विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में श्रीलंका को एक भी जीत हाथ नहीं लगी है। ऐसे में आज श्रीलंका न्यूज़ीलैंड को हराकर अपनी पहली जीत की तलाश करेगी। वहीं, न्यूज़ीलैंड की टीम भी दो हार का सामना कर चुकी है। न्यूज़ीलैंड ने अब तक मात्र एक मुकाबला जीता है। ऐसे में आज दोनों ही टीमें मुकाबला जीतने के लिए कड़ी मेहनत करेंगी। दोनों ही टीमों का नेट रन रेट भी माइनस में चल रहा है। ऐसे में दोनों टीमों को अगर वर्ल्ड कप के टूर्नामेंट में आगे जाना है तो आने वाले सभी मुकाबले जीतने होंगे।
दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 2:30 पर किया जाएगा। बता दें कि आज होने वाले इस मुकाबले में बारिश की 59% संभावनाएं जताई जा रही हैं। सुबह से ही कोलंबो में बादल छाए रहेंगे और उमस बनी रहेगी। आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। श्रीलंका का एक मुकाबला पहले ही बारिश के कारण धुल चुका है। श्रीलंका नहीं चाहेगा कि आज फिर बारिश हो और एक और मुकाबला रद्द हो जाए।
दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड
दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात की जाए तो अब तक दोनों टीमें विमेंस वनडे में 16 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से 13 बार न्यूज़ीलैंड की टीम ने जीत हासिल की है, जबकि मात्र 2 बार श्रीलंका की टीम को जीत मिली है। एक मैच का रिजल्ट नहीं निकला। इससे साफ होता है कि न्यूज़ीलैंड की टीम श्रीलंका पर भारी है। श्रीलंका न्यूज़ीलैंड के खिलाफ लगातार परेशानियों का सामना करती है। वनडे वर्ल्ड कप पर नजर डालें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 5 बार आमना-सामना हुआ है और पांचों बार न्यूज़ीलैंड की टीम ने जीत हासिल की है। ऐसे में श्रीलंका को आज इतिहास रचना होगा और वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहली जीत दर्ज करनी होगी।
पिच रिपोर्ट पर डालें नजर
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट पर नजर डाली जाए तो इस स्टेडियम में बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को ही मदद मिलती है। नई गेंद गेंदबाजों को मदद देती है, जबकि जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ेगी स्पिनर्स की भूमिका बढ़ती हुई दिखाई देगी। दूसरी पारी में इसका असर भी देखने को मिलता है, हालांकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है। अब तक इस मैदान पर खेले गए 25 विमेंस वनडे मुकाबलों में 15 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि 10 बार पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। आज कोलंबो में इस टूर्नामेंट का छठा मुकाबला खेला जाएगा।
पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा असर
दोनों ही टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। इस मुकाबले का असर प्वाइंट्स टेबल पर पड़ेगा। अगर आज न्यूज़ीलैंड की टीम बड़े अंतर से मुकाबला जीतती है तो वह चौथे नंबर पर पहुंच सकती है, जबकि श्रीलंका की टीम आज बड़े अंतर से जीतने पर पांचवें नंबर पर पहुंच सकती है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11:
न्यूज़ीलैंड: सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, अमीलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रूक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इजाबेला गैज (विकेटकीपर), जेस केर, ईडन कार्सन, रोजमेरी माएर और ली ताहुहु।
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, विश्मी गुणारत्ने, कविशा दिलहारी, निलाक्षी डी सिल्वा, अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), देवमी विहांगा, सुगंधिका कुमारी, उद्देशिका प्रबोधनी और इनोका राणावीरा।






