Hindi News

जब सालों बाद मिली बचपन की दोस्त और हो गया प्यार, फिल्म की कहानी से कम नहीं है इस क्रिकेटर की लव स्टोरी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी की लव स्टोरी में रोमांस, इत्तेफाक और किस्मत का जबरदस्त मेल रहा है। बचपन में एक-दूसरे को जानने वाले ये दोनों सालों बाद होटल में फिर मिले और फिर शुरू हुई वो कहानी, जो शादी में बदल गई। जानिए कैसे हुई थी मुलाकात और क्यों धोनी ने रिलेशनशिप को प्राइवेट रखा था।
जब सालों बाद मिली बचपन की दोस्त और हो गया प्यार, फिल्म की कहानी से कम नहीं है इस क्रिकेटर की लव स्टोरी

भारतीय क्रिकेट के सबसे शांत और दमदार कप्तानों में से एक एमएस धोनी ने न सिर्फ मैदान पर बल्कि निजी जिंदगी में भी काफी संतुलन बनाया है। उनकी पत्नी साक्षी के साथ उनकी प्रेम कहानी काफी खास रही है। दोनों की शादी को अब लगभग 15 साल पूरे हो चुके हैं लेकिन आज भी फैंस के बीच इस कपल की स्टोरी एक चर्चा का विषय बनी रहती है।

दरअसल एमएस धोनी और साक्षी की पहली मुलाकात तब हुई थी जब दोनों बच्चे थे। उनके पिता एक ही कंपनी में काम करते थे और दोनों का स्कूल भी एक था। लेकिन साक्षी का परिवार बाद में देहरादून शिफ्ट हो गया और फिर सालों तक कोई संपर्क नहीं रहा। किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। साल 2007 में जब टीम इंडिया कोलकाता के ताज बंगाल होटल में ठहरी हुई थी, तब साक्षी वहीं इंटर्नशिप कर रही थीं। यहीं उनकी धोनी से दोबारा मुलाकात हुई और दोस्ती का एक नया दौर शुरू हुआ, जो जल्द ही प्यार में बदल गया।

सब कुछ रखा सीक्रेट, अचानक कर दी शादी

बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी हमेशा से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बहुत प्राइवेट रहे हैं। उन्होंने और साक्षी ने अपने रिलेशनशिप की खबरें मीडिया से पूरी तरह छुपाकर रखीं। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि ये दोनों शादी करने वाले हैं। 2010 में जब धोनी IPL ट्रॉफी जीतकर लौटे तो उन्होंने देहरादून में साक्षी रावत के साथ शादी कर ली। ये शादी इतनी प्राइवेट थी कि कुछ करीबी दोस्त और परिवार वाले ही इसमें शामिल हुए थे। शादी के बाद जब यह खबर सामने आई तो फैंस हैरान रह गए। यही धोनी की खासियत रही है वे पर्सनल चीजों को लेकर हमेशा कम बोलते हैं लेकिन जो करते हैं, चुपचाप कर जाते हैं।

2015 में उनके घर एक नन्ही परी आई

दरअसल धोनी और साक्षी की शादी के पांच साल बाद 2015 में उनके घर एक नन्ही परी आई, जिसका नाम उन्होंने ‘जीवा’ रखा। उस वक्त धोनी ऑस्ट्रेलिया में वर्ल्ड कप खेल रहे थे। बेटी के जन्म पर भी वो भारत नहीं लौटे क्योंकि उनका मानना था कि “पहले देश, फिर परिवार।” आज धोनी जितना प्यार फैंस को करते हैं, उतना ही प्यार उनकी बेटी जीवा को भी सोशल मीडिया पर मिलता है। साक्षी अक्सर जीवा और धोनी की मजेदार वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करती रहती हैं। धोनी अब इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं और ज़्यादातर समय अपने परिवार के साथ बिताते हैं। आईपीएल के दौरान साक्षी और जीवा अक्सर उन्हें चीयर करते नजर आते हैं।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !