ओवल के ऐतिहासिक मैदान पर टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ 6 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर एक यादगार टेस्ट मैच को अपने नाम किया। मोहम्मद सिराज ने दूसरी पारी में 5 विकेट समेत कुल 9 विकेट झटके और इस जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अहम मौके पर विकेट लेकर टीम इंडिया की वापसी कराई। इस जीत के साथ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। शुभमन गिल की कप्तानी में यह भारत के लिए खास पल रहा क्योंकि टीम शुरुआत में पिछड़ रही थी।
ओवल में भारत की ऐतिहासिक जीत
मैच के पांचवें और आखिरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन और भारत को 4 विकेट की जरूरत थी। शुरुआत इंग्लैंड के क्रेग ओवरटन ने आक्रामक अंदाज में की लेकिन सिराज ने पहले जेमी स्मिथ और फिर ओवरटन को आउट कर भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जॉश टंग का विकेट लिया। अंत में गस एटकिंसन और एक हाथ से बल्लेबाजी करने आए क्रिस वोक्स ने संघर्ष किया, लेकिन सिराज ने एटकिंसन को बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी 367 रन पर समेट दी।
भारत की दमदार वापसी
इससे पहले चौथे दिन इंग्लैंड ने 50/1 से आगे खेलते हुए ब्रूक और जो रूट की शानदार बल्लेबाजी से मैच पर पकड़ मजबूत कर ली थी। दोनों ने मिलकर 195 रन की साझेदारी की और इंग्लैंड को जीत के करीब पहुंचा दिया। सिराज ने एक बार ब्रूक का कैच भी लिया था लेकिन बाउंड्री पर पैर लगने के कारण वो विकेट नहीं मिल पाया। ब्रूक ने इसका फायदा उठाते हुए शतक जड़ दिया और रूट ने भी अपने करियर का 39वां टेस्ट शतक पूरा किया।
हालांकि, इंग्लैंड का स्कोर जब 332/4 था, तभी प्रसिद्ध ने बैथेल और रूट के विकेट झटककर मैच पलट दिया। इंग्लैंड अचानक 337/6 पर पहुंच गया। इसके बाद बारिश के कारण खेल रुका और मुकाबला अंतिम दिन तक खिंच गया। आखिरी दिन सिराज ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए भारत को एक ऐतिहासिक जीत दिलाई। साथ ही वे सीरीज में सबसे ज्यादा 23 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।





