इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताजा टेस्ट रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारत के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में दो जबरदस्त पारियों के दम पर 15 स्थानों की लंबी छलांग लगाई है और अब वह टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में छठे पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं, इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने जो रूट को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। शुभमन गिल अब तक के अपने टेस्ट करियर की बेस्ट पोजिशन पर पहुंच गए हैं, जो भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व की बात है।
दरअसल पिछले कुछ से समय शुभमन गिल का बल्ला जमकर बोल रहा है। यही कारण है कि उन्हें टेस्ट में भारत की कप्तानी करने का मौका मिला। कप्तानी में भी शुभमन गिल ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और भारत को एजबेस्टन के मैदान पर 58 सालों में पहली बार जीत दिलाई। वहीं एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी बना लिया।
शुभमन गिल की बड़ी छलांग
दरअसल शुभमन गिल ने एजबेस्टन टेस्ट में 269 और 161 रनों की पारियां खेलकर इतिहास रच दिया। वह टेस्ट इतिहास में दोनों पारियों में 150+ स्कोर करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। इसी दम पर उन्होंने 23वें स्थान से छलांग लगाकर सीधे छठे पायदान पर जगह बना ली। शुभमन गिल के अलावा यशस्वी जायसवाल भी टॉप-5 में पहुंच चुके हैं। दूसरी ओर, हैरी ब्रूक की 158 रनों की पारी ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट में नंबर-1 बना दिया है। अब उनके 886 रेटिंग अंक हैं, जबकि जो रूट 868 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर आ गए हैं। इंग्लैंड के जेमी स्मिथ, जिन्होंने नाबाद 184 और 88 रनों की पारियां खेलीं, पहली बार टॉप-10 में पहुंचे हैं। वहीं, रवींद्र जडेजा भी इस टेस्ट में 89 और 69 रन बनाकर छह स्थान ऊपर उठकर 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में भी भारत का जलवा
वहीं दूसरी ओर नजर डालें तो केवल बल्लेबाजी ही नहीं, गेंदबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने खूब कमाल दिखाया है। मोहम्मद सिराज ने एजबेस्टन टेस्ट में 7 विकेट लेकर अपनी रैंकिंग में 6 स्थान की बढ़त दर्ज की है और अब वह 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, आकाश दीप ने दूसरे टेस्ट में 10 विकेट लेकर 39 स्थान की जबरदस्त छलांग लगाई है और अब वह 45वें पायदान पर आ गए हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। दरअसल दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 367* रनों की पारी और 3 विकेट लेकर ऑलराउंडर रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया है। इससे पहले उनके ऊपर सिर्फ रवींद्र जडेजा और मेहदी हसन मिराज हैं। गेंदबाजी में मुल्डर अब 48वें स्थान पर हैं।






