मध्य प्रदेश के उज्जैन से आगर-झालावाड़ रोड पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया है। शनिवार की रात को अचानक गाड़ी का स्टेयरिंग फेल होने की वजह से मुरम से भरा हुआ एक तेज रफ्तार डंपर बीच सड़क पर जोरदार तरीके से पलट गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई और डंपर चलाने वाला ड्राइवर भी पूरी तरह से सुरक्षित बच गया है।

दरअसल यह डंपर नजरपुर इलाके से भरकर जेथल की तरफ जा रहा था तभी रास्ते में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। ड्राइवर जब तक कुछ समझ पाता तब तक गाड़ी का स्टेयरिंग पूरी तरह से जाम हो गया और उसका नियंत्रण वाहन से छूट गया। डंपर सीधा बीच सड़क पर पलट गया जिससे उसमें भरी सारी मुरम सड़क पर बिखर गई और दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहन वहीं फंस गए।

सड़क पर फैली ढेर सारी मुरम

डंपर के बीच सड़क पर पलटने और उसकी मुरम बिखर जाने के कारण उज्जैन-आगर मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। आने-जाने वाले लोगों को निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल पा रहा था जिससे मौके पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क पर गाड़ी पलटने की खबर मिलते ही आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही घट्टिया थाने की पुलिस बिना कोई देर किए तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वहां पहुंचकर सबसे पहले हालात को संभाला और दोनों तरफ के रुके हुए ट्रैफिक को धीरे-धीरे निकलवाना शुरू किया। दरसल, रास्ता बंद होने की वजह से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए काफी हद तक नियंत्रित किया।

जेसीबी और क्रेन की मदद से डंपर को सड़क से हटाया गया

सड़क के बीच फंसे डंपर को हटाने के लिए तुरंत टोल टैक्स की क्रेन और एक जेसीबी मशीन को मौके पर बुलवाया गया। मशीन और क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद पलटे हुए डंपर को सीधा करके सड़क के किनारे किया गया। दरसल, इसके बाद सड़क पर फैली हुई मुरम को भी मजदूरों और जेसीबी की सहायता से हटाया गया, तब जाकर कहीं रास्ता पूरी तरह साफ हो पाया।