बाजपुर। उत्तराखंड के बाजपुर में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई भीषण ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसकी सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे। सीएम ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया और बाजपुर में उतरकर खेतों का निरीक्षण किया। किसानों से नुकसान की जानकारी लेने के बाद उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सर्वे शुरू करने और प्रभावित किसानों को समय पर राहत देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ओलावृष्टि के समय हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। फसलों के नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए। सीएम ने प्रभावित किसानों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

फसलों के नुकसान का जल्द होगा आकलन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वे प्राथमिकता से पूरा किया जाए। नुकसान का सही आकलन करने के साथ किसानों को नियमानुसार राहत देने की कार्रवाई भी तय समय में होनी चाहिए।
सीएम धामी ने अधिकारियों को किसानों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान के आकलन से लेकर राहत देने तक पूरी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी।






