Hindi News

10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस: सीएम डॉ. मोहन यादव भोपाल में करेंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ, आयुष वैलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने होगा एमओयू

Written by:Shruty Kushwaha
Published:
Last Updated:
आयुर्वेद भारत की हजारों साल पुरानी चिकित्सा पद्धति है जो शरीर, मन और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देती है। यह सिर्फ बीमारियों का इलाज नहीं करती बल्कि सही खानपान, स्वस्थ जीवनशैली और नियमित दिनचर्या के जरिए रोगों को जड़ से खत्म करने पर जोर देती है। आज के व्यस्त जीवन में आयुर्वेद तनाव, थकान और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचने का सरल और प्राकृतिक तरीका सिखाता है।
10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस: सीएम डॉ. मोहन यादव भोपाल में करेंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ, आयुष वैलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने होगा एमओयू

National Ayurveda Day

आज 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में आयुष और पर्यटन विभाग के बीच आयुष वैलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए एमओयू साइन होगा। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य आयुर्वेद को न सिर्फ भारत, बल्कि विश्व स्तर पर चिकित्सा के सबसे प्राचीन और समग्र तरीकों में से एक के रूप में प्रचारित करना है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को कई नई योजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 55 जिलों में आयुष जनस्वास्थ्य कार्यक्रम का विस्तार, कैंसर रोगियों के लिए विशेष ‘कारुण्य’ कार्यक्रम, औषधीय पौधों के लिए हेल्पलाइन सेवा, ‘मध्य हर्बल दर्पण’ पत्रिका और जन आरोग्य समिति की नियमावली का विमोचन शामिल है। इसके साथ ही सभागृह परिसर में आयुष विभाग की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुरुआत आयुष मंत्रालय ने 2016 में की थी। यह दिन आयुर्वेद के देवता भगवान धन्वंतरि के जन्मदिवस की तिथि पर प्रारंभ किया गया था लेकिन अब हर साल इसे 23 सितंबर को मनाया जाता है। आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है जो हजारों वर्षों से मानव स्वास्थ्य और कल्याण के लिए उपयोगी रही है। ये लगभग 5000 वर्ष पुरानी चिकित्सा पद्धति है जो शरीर, मन और पर्यावरण के संतुलन पर आधारित है। यह न सिर्फ रोग निवारण बल्कि रोग के रोकथाम और लंबी आयु पर भी जोर देता है। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा को संरक्षित करना और इसे वैश्विक स्तर पर प्रचारित करना है।

मुख्यमंत्री करेंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ

भोपाल में “10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस” का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में दोपहर 3 बजे से होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान आयुष और पर्यटन विभाग के बीच आयुष वैलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। सभागृह परिसर में आयुष विभाग की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जहां जड़ी-बूटियों और आयुर्वेदिक उपचार पद्धति से जुड़ी जानकारी दी जाएगी> यह आयोजन आयुर्वेद के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य के साथ आयोजित किया जा रहा है।