MP कांग्रेस में शामिल हुए भीम आर्मी के पदाधिकारी, ‘घर वापसी’ के लिए मिले 600 से अधिक आवेदन

भीम आर्मी के पदाधिकारियों के कांग्रेस में शामिल होने के साथ पार्टी ने पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को दोबारा संगठन से जोड़ने की कवायद भी शुरू की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को मिले आवेदनों में वर्तमान और पूर्व जिला अध्यक्षों, विधायकों तथा पूर्व मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं। वापसी के मामलों में संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों से विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा।
Congress Rejoining Drive

Congress Rejoining Drive

मध्यप्रदेश में कांग्रेस से जुड़ने और पुराने नेताओं-कार्यकर्ताओं की वापसी को लेकर पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में भीम आर्मी के कई प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी मौजूद रहे।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में भीम आर्मी के प्रदेश सचिव विलास पटेल, प्रदेश महासचिव सत्येंद्र विमल, विधि प्रभारी डकेश पाटिल, विधानसभा अध्यक्ष नागेश, जिला अध्यक्ष रंजीत दामले, जिला उपाध्यक्ष नीलेश हेरोडे और प्रकाश वानखेड़े सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

जीतू पटवारी ने किया स्वागत

इस मौके पर जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों का स्वागत करती है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा से जुड़कर संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस में शामिल हुए लोगों का स्वागत किया।

‘घर वापसी’ के लिए 600 से अधिक आवेदन

कांग्रेस अब पार्टी छोड़कर जा चुके नेताओं और कार्यकर्ताओं को दोबारा संगठन से जोड़ने के लिए ‘घर वापसी’ कार्यक्रम की योजना बना रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुताबिक, अब तक इस अभियान के तहत 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें 200 से अधिक आवेदन वर्तमान एवं पूर्व जिला अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पूर्व मंत्रियों के बताए गए हैं।

पार्टी की योजना इस अभियान को जिला कांग्रेस कमेटियों की सहमति और समन्वय से आगे बढ़ाने की है। कांग्रेस का कहना है कि पुराने साथियों की वापसी पर निर्णय लेने से पहले संबंधित जिला इकाइयों से विचार-विमर्श किया जाएगा। उचित समय पर सहमति बनने के बाद ही नेताओं और कार्यकर्ताओं की संगठन में वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

कांग्रेस इस पहल के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी ने संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews
MP कांग्रेस में शामिल हुए भीम आर्मी के पदाधिकारी, ‘घर वापसी’ के लिए मिले 600 से अधिक आवेदन