Hindi News

शादी के मंडप से गिरफ्तार गैंगस्टर आकाश भूरा हड्डी की दुल्हन ने थाने में लगाई गुहार, कस्टडी में फेरे कराने की मांग

Written by:Ankita Chourdia
Published:
भोपाल में एक दुल्हन अपने गैंगस्टर दूल्हे आकाश उर्फ भूरा हड्डी की गिरफ्तारी के बाद कोहेफिजा थाने पहुंची। उसने पुलिस से गुहार लगाई कि या तो उसके पति को दो घंटे के लिए छोड़ दिया जाए या फिर पुलिस कस्टडी में ही शादी के फेरे करा दिए जाएं। आकाश को शादी के लिए एक पुजारी का अपहरण कर फिरौती मांगने के आरोप में मंडप से गिरफ्तार किया गया था।
शादी के मंडप से गिरफ्तार गैंगस्टर आकाश भूरा हड्डी की दुल्हन ने थाने में लगाई गुहार, कस्टडी में फेरे कराने की मांग

हाथों में मेहंदी, हल्दी से सजा चेहरा और गले में माला पहने एक दुल्हन गुरुवार को भोपाल के कोहेफिजा थाने में गुहार लगाती नजर आई। उसकी एक ही मांग थी “साहब, मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। या तो मेरे होने वाले पति को 2 घंटे के लिए छोड़ दो, नहीं तो कस्टडी में ही फेरे करा दो।” यह युवती कुख्यात ‘इलीगल गैंग’ के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी की होने वाली पत्नी सीमा है, जिसे पुलिस ने शादी के मंडप से ही गिरफ्तार कर लिया था।

दरअसल, आकाश को पुलिस ने एक पुजारी के अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि इस अपहरण को शादी के खर्चों का इंतजाम करने के लिए अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आकाश के साथ उसके पांच अन्य साथियों को भी दबोचा है और उन्हें तीन दिन की रिमांड पर लिया है।

शादी के पैसे जुटाने के लिए पुजारी का अपहरण

पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। डीसीपी मयूर खंडेलवाल के अनुसार, गैंगस्टर आकाश ने बताया कि उसे शादी के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी। उसके साथी आकाश उपाध्याय ने एक पुजारी को अगवा कर मोटी रकम वसूलने का आइडिया दिया। योजना के तहत, गिरोह के सदस्य आकाश उपाध्याय ने 10 मार्च को अपनी जान-पहचान वाले 26 वर्षीय पुजारी को जैन नगर स्थित अपने कमरे पर बुलाया।

आरोपी ने पुजारी से कहा कि वह लालघाटी से एक युवती को पिक करके ले आए। जब पुजारी युवती को लेकर कमरे पर पहुंचा, तो गिरोह के सदस्यों ने उसे बंधक बना लिया और पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पुजारी को रेप केस में फंसाने की धमकी दी और जान बचाने के बदले 8 लाख रुपए की मांग की।

ऑनलाइन वसूली गई फिरौती की पहली किस्त

आरोपियों ने पुजारी को ईदगाह हिल्स स्थित तौफीक उर्फ शूटर के फ्लैट में बंधक बनाकर रखा। उन्होंने पुजारी के भाई को फोन कर 50,000 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। बाकी के 7.5 लाख रुपए पांच किस्तों में देने की बात तय हुई। पहली किस्त मिलने के बाद आरोपियों ने पुजारी को छोड़ दिया, जिसके बाद पीड़ित ने 11 मार्च को थाने पहुंचकर FIR दर्ज करा दी। पुलिस के मुताबिक, फिरौती की रकम का कुछ हिस्सा शादी की हल्दी रस्म में खर्च भी कर दिया गया था।

हत्या के मामले में जमानत पर था गैंगस्टर आकाश

आकाश उर्फ भूरा हड्डी का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद संगीन है। वह भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाह की हत्या का मुख्य आरोपी है। यह हत्या 18 मार्च 2024 को भोपाल सेंट्रल जेल के पास की गई थी। इस मामले में करीब 18 महीने जेल में रहने के बाद आकाश चार महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उस पर हत्या, ड्रग तस्करी, रंगदारी और मारपीट समेत 31 मामले दर्ज हैं। उसका ‘इलीगल गैंग’ 2018 से सक्रिय है, जिसके सदस्य अपनी पहचान के लिए गर्दन पर ‘Illegal’ का टैटू बनवाते हैं।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews