Hindi News

MP में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं: सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा “पेट्रोल, डीजल, सीएनजी-पीएनजी की आपूर्ति सामान्य”, अफवाहों से बचने की अपील

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
सरकार ने कहा है कि एलपीजी सहित अन्य ईंधनों के परिवहन, भंडारण और वितरण व्यवस्था पर पूरी तरह सतर्कता रखी जा रही है। ईंधन आपूर्ति की निगरानी और समन्वय को मजबूत करने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर मुख्य सचिव को समन्वय अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे प्रतिदिन संबंधित विभागों के अधिकारियों से संवाद कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा और समन्वय करेंगीं।
MP में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं: सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा “पेट्रोल, डीजल, सीएनजी-पीएनजी की आपूर्ति सामान्य”, अफवाहों से बचने की अपील

CM Mohan Yadav

सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि मध्यप्रदेश में रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा है कि नागरिकों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि केंद्र और राज्य सरकार कालाबाजारी रोकने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्चिम एशिया में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक स्रोतों से आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पहले देश में अधिकांश कच्चा तेल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज मार्ग से आता था, लेकिन अब अन्य स्थानों से भी कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही देश की रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर कार्य कर रही हैं और एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं जिससे उत्पादन में लगभग 25 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा “मध्यप्रदेश में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं”

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोगों को आश्वस्त किया है कि मध्यप्रदेश में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव और युद्ध जैसी स्थितियों के बावजूद, केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। सीएम ने कहा कि एक महत्वपूर्ण राजनयिक उपलब्धि यह भी है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय ध्वज वाले जहाजों और टैंकरों को नहीं रोका जाएगा। इससे पेट्रोलियम आपूर्ति में संभावित बाधा दूर होगी। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे रसोई गैस या ईंधन की कमी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, क्योंकि प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

मुख्य सचिव ने सभी जिलों के अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर एलपीजी सहित अन्य ईंधनों की उपलब्धता की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि घरेलू गैस वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि रिफिल बुकिंग, ओटीपी जनरेशन और वितरण में किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि गलत सूचनाओं और अफवाहों पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा मीडिया के माध्यम से नागरिकों तक सही जानकारी पहुंचाई जाए।उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखे। साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन संचालकों को गैस की जगह इलेक्ट्रिक भट्टी और इंडक्शन जैसे वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए।

सरकार ने ईंधन आपूर्ति की निगरानी और समन्वय को मजबूत करने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी को समन्वय अधिकारी नियुक्त किया है। वे प्रतिदिन संबंधित विभागों के अधिकारियों से संवाद कर आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा और समन्वय करेंगी।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा “आपूर्ति सुचारू रूप से जारी”

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी कहा है कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि इन सभी ईंधनों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि राज्य सरकार ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखे हुए है ताकि किसी भी प्रकार की कमी या असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews