मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 7 मार्च को हुई हवाला के 55 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि पूरी साजिश एक अकाउंटेंट ने रची थी, जो ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारण लाखों के कर्ज में डूब गया था।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक, एक स्कूटी, एक ऑटो और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। इस गिरोह के कुछ सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

कर्ज चुकाने के लिए रची लूट की साजिश

पुलिस के अनुसार, इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड गौरव चेतवानी है, जो पेशे से एक अकाउंटेंट है। गौरव को ऑनलाइन सट्टा खेलने की लत थी, जिसके चलते उस पर करीब 4-5 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। उसे यह जानकारी थी कि शहर में हवाला का पैसा एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जाता है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस बड़ी लूट की योजना बनाई।

योजना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने तीन-चार दिनों तक पूरे रूट की रेकी की थी। उन्होंने हवाला की रकम ले जाने वालों के आने-जाने के रास्ते और समय पर पूरी नजर रखी।

चाकू की नोक पर ऐसे दिया वारदात को अंजाम

घटना 7 मार्च की रात करीब 9:30 बजे की है। चूनाभट्टी निवासी दिव्यांग बरोट जब हवाला की रकम लेकर स्मार्ट सिटी रोड से गुजर रहे थे, तभी आरोपियों ने पॉलिटेक्निक चौराहे से उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आंचलिक विज्ञान केंद्र के पास सुनसान जगह देखकर आरोपियों ने अपना वाहन अड़ाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर धमकाया और रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में 55 लाख 50 हजार रुपये थे। पीड़ित ने अगले दिन 8 मार्च को शामला हिल्स थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

10 टीमों ने मिलकर किया मामले का खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी के मार्गदर्शन में 10 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस एक-एक कर 12 आरोपियों तक पहुंच गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हैदर उर रहमान, फाजिल उर्फ भूरा, अलफेज अली, मुज्जमिल, शान उर्फ डिसेंट, सोहेल उर्फ गुड्डा, अनवर शेख, अब्दुल नवेद, शानू उर्फ साजिल अहमद, सलमान समद, गौरव चेतवानी और फैसल खान शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, फरदीन, जावेद और आसिम समेत कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।